कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम कम होने को एनडीए के नेताओं ने बताया कारोबारियों के लिए राहत

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम कम होने को एनडीए के नेताओं ने बताया कारोबारियों के लिए राहत
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती के बाद एनडीए के नेताओं ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आम लोगों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए सकारात्मक कदम बताया। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि वैश्विक परिस्थितियों के सामान्य होने के साथ आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और राहत मिल सकती है।

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती के बाद एनडीए के नेताओं ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आम लोगों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए सकारात्मक कदम बताया। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि वैश्विक परिस्थितियों के सामान्य होने के साथ आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और राहत मिल सकती है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जब कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े थे, तब काफी हंगामा किया गया था। उन्होंने कहा कि यह केवल पहली कटौती है और आगे भी कीमतों में कमी देखने को मिलेगी। यह भी कहा कि नायरा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाई हैं और सरकारी तेल कंपनियां भी जल्द इसी दिशा में कदम उठाएंगी।

जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि देश की जनता के बारे में हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोचते रहते हैं और गैस के दामों में कटौती की गई है। सरकार जनता के हित में काम कर रही है, जैसे ही अंतरार्ष्ट्रीय स्तर पर दाम कम हुआ, वैसे ही तेल कंपनियों ने भी दाम में कटौती कर दी है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सचिवों के साथ हुई बैठक पर जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि सुशासन सुनिश्चित करना किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। बैठक का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाना है, तो यह शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में कमी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी और अब हालात सामान्य होने के साथ कीमतें कम की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा जनता के हित में फैसले लेते हैं और भविष्य में भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हाल के महीनों में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था। इसी वजह से भारत में भी एलपीजी की कीमतों में सीमित बढ़ोतरी करनी पड़ी, जबकि कई अन्य देशों में इससे कहीं अधिक मूल्य वृद्धि हुई थी। अब वैश्विक हालात सामान्य होने लगे हैं, इसलिए सरकार कीमतों में कटौती कर रही है। उन्होंने इसे देश के लिए अच्छा संदेश बताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जनता को और राहत मिल सकती है।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए जाने पर शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब कीमतें बढ़ी थीं, तब विपक्ष सरकार की आलोचना कर रहा था। अब जब कीमतों में कटौती की गई है तो क्या विपक्ष सरकार की सराहना करेगा? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम लोगों की चिंता है और यह फैसला पूरी तरह स्वागत योग्य है।

इसी दौरान विपक्षी दलों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखे जाने पर भी शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक कमजोरियों को स्वीकार करने के बजाय हार का ठीकरा एसआईआर पर फोड़ना चाहता है। उनके अनुसार विपक्ष की ओर से लिखा गया पत्र किसी भी तरह का प्रभाव नहीं डालेगा।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल द्वारा विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की बात पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस बेवजह मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि सरकार उचित समय पर सही जानकारी देती है और 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर पूरे देश को गर्व होना चाहिए। कांग्रेस लगातार इस अभियान पर सवाल उठाती रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 2:11 PM IST

Tags

Next Story