संचार विभाग के समन्वयक नियुक्त होने के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से अनिल बलूनी ने की मुलाकात
नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांसद अनिल बलूनी को पार्टी के मीडिया विभाग का समन्वयक नियुक्त किया है। वहीं, आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाया है। भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनिल बलूनी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। बलूनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा के संचार विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
नई व्यवस्था के तहत अनिल बलूनी के पास संचार विभाग में पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया इकाइयों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी शामिल होगी। बलूनी इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी जगह अब आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है।
इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक भी की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब भाजपा ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई सूची जारी कर संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव किए हैं।
भाजपा ने सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं। पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है, जबकि राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। महाराष्ट्र की जिम्मेदारी बैजयंत जय पांडा को दी गई है और अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े तथा कमलजीत सहरावत उनके साथ सह-प्रभारी होंगे।
सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हरीश द्विवेदी बिहार और कर्नाटक के प्रभारी होंगे। सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर के साथ पंजाब का प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से की गई इन नियुक्तियों को आगामी चुनावों और संगठनात्मक कार्यक्रमों से पहले भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Sept 2026 12:03 AM IST












