मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन पर जताया शोक
रांची, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत सोरेन परिवार के सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के साथ हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की। हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने अपनी मां के निधन पर भावुक संदेश में कहा कि बाबा के बाद आज उनकी मां सभी को अकेला छोड़कर चली गईं। उन्होंने कहा कि यह खालीपन अब कभी नहीं भर पाएगा।
कल्पना सोरेन ने अपनी मां को अंतिम जोहार देते हुए कहा कि उनका स्नेह, सीख और आशीर्वाद हमेशा परिवार के साथ रहेगा। सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने भी रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेरे पति दुर्गा सोरेन के असमय निधन के बाद रूपी सोरेन ने जिस पीड़ा को अपने हृदय में समेटकर उन्हें संभाला, उसे शब्दों में बयान करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज मां भी हमेशा के लिए चली गईं।
सीता सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन के साथ जीवनभर का सफर निभाने वाली रूपी सोरेन परिवार की ममता और शक्ति का आधार थीं। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनकी स्मृतियां हमेशा परिवार के दिलों में जीवित रहेंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 11:41 PM IST












