कांग्रेस का लक्ष्य सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि जनता की आवाज बनना है जीतू पटवारी
छिंदवाड़ा, 10 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्य प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक ऐसा संगठन तैयार करना है। जो जनता की आवाज बने।
छिंदवाड़ा में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिला कांग्रेस कमेटी के मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संगठन का पुनर्निर्माण केवल पदों का गठन नहीं, बल्कि यह विचार, कार्यकर्ता और जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की प्रक्रिया है। पूरे मध्य प्रदेश में संगठन के नए सृजन के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। जिला स्तर पर लगातार दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की नींव रखता है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक ऐसा संगठन तैयार करना है, जो जनता की आवाज बने और हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ा रहे। पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को मिली जीत को केवल एक विधानसभा क्षेत्र की जीत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह जीत कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठनात्मक एकजुटता और जनता के भरोसे का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने बता दिया है कि यदि कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूती से जनता के बीच जाए और संगठन पूरी ताकत से मैदान में उतरे तो भाजपा की सत्ता और संसाधनों के बावजूद जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि दतिया का परिणाम प्रदेश सरकार के लिए भी एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश है। सरकार को प्रदेश की वास्तविक परिस्थितियों की समीक्षा करनी चाहिए। किसानों की स्थिति, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, विभागीय व्यवस्थाओं और प्रदेश के वित्तीय हालात पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सवाल पूछ रही है और भाजपा को उन सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं से हर वर्ष बड़े पैमाने पर रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन आज बेरोजगारी युवाओं के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई है। इसी प्रकार अर्थव्यवस्था को लेकर किए गए बड़े दावों के बावजूद देश पर बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार को अब घोषणाओं और प्रचार से आगे बढ़कर जमीन पर काम करने की जरूरत है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के जवाब चाहती है। पटवारी ने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का एक मजबूत संगठनात्मक क्षेत्र रहा है और यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन एवं जनता से जुड़ाव कांग्रेस की बड़ी ताकत है। अब संगठन के नए सृजन और प्रशिक्षण के माध्यम से इस ताकत को और मजबूत किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 8:32 PM IST












