यूक्रेन में भारत के नए राजदूत अंजनी कुमार ने संभाली जिम्मेदारी, उपमंत्री मिशेंको को सौंपे दस्तावेज
कीव, 10 अगस्त (आईएएनएस)। यूक्रेन में भारत के अगले राजदूत के रूप में 2003 बैच के आईएफएस अधिकारी अंजनी कुमार को जिम्मेदारी दी गई। नवनियुक्त राजदूत अंजनी कुमार ने यूक्रेन के विदेश मामलों के उपमंत्री ओलेक्सांद्र मिशेंको को सोमवार को दस्तावेज की कॉपी सौंपी।
यूक्रेन में राजदूत के रूप में नियुक्ति से पहले अंजनी कुमार हेडक्वार्टर में संयुक्त सचिव के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और सभी स्तरों पर नियमित राजनीतिक संवाद बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
उपमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन में न्यायसंगत और स्थायी शांति की स्थापना तथा आक्रामक देश को उसके अपराधों के लिए जवाबदेह बनाने में भारत को आगे आकर अहम भूमिका निभानी चाहिए।
दोनों पक्षों ने आगामी उच्चस्तरीय मीटिंग के एजेंडे पर चर्चा की, जिसमें 23 अगस्त, 2024 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूक्रेन यात्रा के दौरान हुए समझौतों को लागू करना भी शामिल है।
अंतर-संसदीय सहयोग को बढ़ाने और मानवीय क्षेत्र में जुड़ाव को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया गया। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को तेज करने और दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों के प्रतिनिधियों के बीच संपर्क में अच्छी रफ्तार वापस लाने के तरीकों पर भी चर्चा की।
मीटिंग के बाद, दोनों पक्ष सक्रिय रूप से जुड़े रहने और आपसी हितों के क्षेत्रों में यूक्रेनी-भारतीय संबंधों को बेहतर बनाने पर सहमत हुए। ओलेक्सांद्र मिशेंको ने भारत गणराज्य के राजदूत को यूक्रेन में उनके डिप्लोमैटिक मिशन में सफलता और दोनों देशों और उनके लोगों के फायदे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले शुक्रवार को भारतीय राजदूत ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को औपचारिक तौर पर अपना नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अंजनी कुमार सहाय शनिवार को अपने परिवार के साथ यूक्रेन के लिए रवाना हुए।
यूक्रेन में वे भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ विभिन्न कूटनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 9:32 PM IST












