कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार का मांगा इस्तीफा, कहा-मतदान अधिकारों से जुड़ा है मामला, कार्रवाई होनी चाहिए
रायपुर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने चुनाव आयोग से जुड़े विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी संयुक्त बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की तस्वीरें एक साथ प्रकाशित की गई थीं और यह बताया गया था कि संबंधित निर्णय सामूहिक रूप से लिया गया था। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया था कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
टीएस सिंहदेव ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उन्हें स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए था। चुनाव आयोग ने 29 तारीख को एक अधिसूचना जारी कर सामने आई कमियों को स्वीकार किया और उन्हें दूर करने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीएस सिंह देव ने कहा कि यदि कानून और संविधान के खिलाफ कोई काम किया जा रहा है तो यह मतदाताओं के मौलिक अधिकारों से जुड़ा मामला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है और संविधान के विरुद्ध काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर कांग्रेस सेवा दल को सत्याग्रह शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव आयोग के दिल्ली स्थित कार्यालय को भाजपा का कार्यालय या अड्डा बना देने का आरोप लगाया।
वर्मा ने मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने तथा उनके इस्तीफे की मांग की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से ज्ञानेश कुमार ने एक पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए काम किया है, वह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। अब देश को बता चल गया है। जहां-जहां एसआईआर के जरिए लोगों के नाम काटे गए हैं, वहां फिर से नाम जोड़े जाएं और ज्ञानेश कुमार को जल्द से जल्द इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एसआईआर को लेकर काफी समय से विरोध कर रही थी, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। अब जब सच्चाई सामने आ गई है तो एनडीए झूठ फैलाने का काम कर रहा है जो देश के लिए सही नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2026 10:37 PM IST












