काउंटी चैंपियनशिप हैम्पशायर ने सील्स की जगह यूसुफ को टीम में शामिल किया
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। काउंटी चैंपियनशिप के शुरुआती मुकाबलों के लिए हैम्पशायर ने साउथ अफ्रीकी सीमर कोडी यूसुफ को साइन किया है। वह जायडेन सील्स की जगह टीम में आए हैं, क्योंकि जायडेन सील्स को उनके घरेलू बोर्ड ने 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (एनओसी) देने से इनकार कर दिया था।
हैम्पशायर ने शुरुआत में जायडेन सील्स को टीम में शामिल करने की उम्मीद जताई थी, क्योंकि वे माइकल नेसर की सेवाएं नहीं ले पाए। दरअसल, नेसर का कॉन्ट्रैक्ट क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के निर्देश पर रद्द कर दिया गया, क्योंकि उन्हें फिर से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया गया था।
कोडी यूसुफ हैम्पशायर में नए हेड कोच रसेल डोमिंगो के साथ जुड़ेंगे, जो यूसुफ की घरेलू फ्रेंचाइजी 'लायंस' के भी कोच हैं। एसए20 में यूसुफ प्रिटोरिया कैपिटल्स की ओर से खेलते हैं, जिसका मालिकाना हक हैम्पशायर के सबसे बड़े शेयरहोल्डर, जीएमआर ग्रुप के पास है।
हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने कहा, "जाहिर है, जेडन का हमारे साथ न होना निराशाजनक है, लेकिन खुशी है कि हमें कोडी यूसुफ के रूप में एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है। लायंस की ओर से खेलने वाले कोडी की सिफारिश रसेल ने की है। उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कीमती अनुभव है। पिछले सीजन में डरहम के साथ खेलने की वजह से उन्हें इंग्लैंड के हालात की भी अच्छी जानकारी है।"
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ हफ्ते हमारे लिए काफी निराशाजनक रहे। हमें बहुत कम समय में अपनी योजनाओं में बदलाव करना पड़ा, लेकिन कोडी का स्वागत करके बहुत खुश हैं और उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
27 वर्षीय कोडी यूसुफ ने साउथ अफ्रीका के लिए दो टेस्ट और एक वनडे मैच खेला है। इसके अलावा, पिछले सीजन में काउंटी क्रिकेट के दौरान उन्होंने डरहम के लिए सभी फॉर्मेट में मैच खेले थे। 42 फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उन्होंने 28.22 की औसत से 131 विकेट लिए हैं। वहीं, 35 लिस्ट-ए मुकाबलों में 26.62 की औसत के साथ 51 विकेट हासिल किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 6:58 PM IST












