क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अवॉर्ड्स हेड, स्टार्क, मार्श और टिम डेविड छाए
ब्रिस्बेन, 7 अगस्त (आईएएनएस)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित क्रिकेटरों के सम्मान समारोह में सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एलन बॉर्डर मेडल जीता है। यह लगातार दूसरा साल है, जब हेड ने यह सम्मान हासिल किया है।
हेड ने 2025-26 में तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 30 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 1,437 रन बनाए। इसमें एशेज सीरीज के पहले मैच में 83 गेंदों पर 123 रन और एडिलेड टेस्ट में 170 रन की पारी शामिल है। हेड को एलन बॉर्डर मेडल के लिए 153 मत मिले, जबकि दूसरे उम्मीदवार विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी थे, जो 1 मत से पिछड़ गए। उन्हें 152 मत मिले। कैरी ने 24 मैचों में 1,079 रन बनाए और एशेज सीरीज के दौरान 28 शिकार किए।
मिचेल स्टार्क ने शेन वॉर्न पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब हासिल किया। एशेज जीत में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए स्टार्क ने 11 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से 57 विकेट लिए। इस दौरान स्टार्क का श्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट रहा।
मिशेल मार्श ने पुरुष वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब जीता। टी20 फॉर्मेट के कप्तान मार्श ने 6 मैचों में 304 रन बनाए। विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को पुरुष टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया। डेविड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 37 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए थे। यह किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा लगाया सबसे तेज टी20 शतक है।
समारोह के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ ऑफ क्रिकेट जेम्स ऑलसॉप ने कहा, "सभी विजेताओं को बधाई, इसमें लगातार दो बार एलन बॉर्डर पदक विजेता ट्रेविस हेड भी शामिल हैं। उनका सीजन शानदार रहा। हेड ने कुछ यादगार पारियां खेलीं, जो उन्हें देखने वाले लकी फैंस के लिए जिंदगी भर की यादें छोड़ गईं। मिच स्टार्क दुनिया के महान तेज गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं, जबकि मिच मार्श और टिम डेविड ने व्हाइट बॉल फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया।"
उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के लिए 2025-26 की गर्मियों में बहुत कुछ हुआ, इसमें एशेज रिटेन करना शामिल था। उनके पास क्रिकेट का एक बड़ा साल आने वाला है, जिसकी शुरुआत डार्विन और मैके में बांग्लादेश के खिलाफ दो-टेस्ट सीरीज से होगी।"
हेड, रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, शेन वॉटसन, स्टीवन स्मिथ और डेविड वार्नर के साथ कई बार एलन बॉर्डर मेडल जीतने वाले छठे क्रिकेटर के रूप में खिलाड़ियों के एलीट ग्रुप में शामिल हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन के जनरल मैनेजर मेंबर सर्विसेज एंड क्रिकेट ऑपरेशंस ब्रेंडन ड्रू ने कहा, "आज रात के पुरस्कार विजेताओं को और पिछले साल तीनों फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीमों से जुड़े सभी लोगों को बधाई। ट्रेविस हेड को, जो एलन बॉर्डर मेडल के सिर्फ 6वें मल्टीपल-टाइम विनर बने हैं - वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी फॉर्मेट में कितने शानदार खिलाड़ी बन गए हैं, लगातार दो बार अवॉर्ड जीतने के वह पूरी तरह से हकदार हैं।"
उन्होंने कहा, "स्टार्क एक अच्छी वाइन की तरह हो गए हैं और टेस्ट बॉलिंग लाइनअप में एक अहम हिस्सा बने हुए हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का कई बार इनाम पाने वाले सिर्फ 5वें खिलाड़ी बनने पर बधाई। मार्श और टिम डेविड को बधाई, जिन्हें उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला। दोनों वनडे औ और टी20 में बार-बार बल्ले से भरोसेमंद रहे।
ब्रेंडन ड्रू ने कहा, "पिछले साल को खत्म करते हुए, हम अगले 12 महीनों में अपनी ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीमों के लिए घर और बाहर क्रिकेट के भरे हुए शेड्यूल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 5:52 PM IST












