दर्शन रावल ने रिलीज किया नया गाना 'सिर्फ तुम', खुद के लिए बताया बेहद खास

मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर भारतीय पॉप गायक दर्शन रावल ने शनिवार को अपना नया गाना 'सिर्फ तुम' रिलीज कर दिया है। गायक का कहना है कि ये गाना उनके लिए बेहद खास है क्योंकि उनकी पत्नी को आमतौर पर सैड सॉन्ग पसंद नहीं हैं लेकिन 'सिर्फ तुम' उनके फेवरेट गानों में से एक है।
दरअसल,गायक दर्शन रावल का नया ईपी (एक्सटेंडेट प्ले) 'द एवरआफ्टर' आधिकारिक तौर पर 23 अक्टूबर को रिलीज हो चुका है। वार्नर म्यूजिक इंडिया के तहत जारी किए गए इस विशेष ईपी में कुल 4 गाने शामिल हैं, जो प्यार, दिल टूटने, उम्मीद और जीवन के सफर के अलग-अलग रंगों को दर्शाते हैं।
'सिर्फ तुम' गायक के ईपी (एक्सटेंडेट प्ले) 'द एवरआफ्टर' का दूसरा गाना है। इससे पहले उन्होंने 'नाल नाल वे' रिलीज किया था। 'सिर्फ तुम' का म्यूजिक वीडियो 'नाल नाल वे' की कहानी को ही आगे बढ़ाता है। इसकी कहानी एक काल्पनिक या समानांतर दुनिया और दिल टूटने के दर्द के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें डैन का किरदार खुद दर्शन ने निभाया है, जो एक स्ट्रगलिंग म्यूजिशियन है।
कहानी में डैन एक दिन उठता है तो देखता है कि नियति (बरखा सिंह) गायब हो गई है और सभी उससे कहते हैं कि वह कभी थी ही नहीं। एक अलग ही दुनिया में नियति के साथ परफेक्ट प्यार का एहसास करने के बाद डैन अपने टूटे दिल के दर्द को संगीत के जरिए बयां करता है, इस उम्मीद में कि वह उस तक वापस पहुंचने का रास्ता ढूंढ लेगा।
ईपी के चार गानों में 'नाल नाल वे' शामिल है, जो प्यार मिलने की खुशी को दिखाता है। 'सिर्फ तुम' जो दिल टूटने की कहानी कहता है, 'जादू' जो दर्शन रावल के फैंस को समर्पित है, जिन्हें वो अपनी 'ब्लू फैमिली' कहते हैं और 'कारवां' उनके जिंदगी के सफर को दर्शाता है।
ईपी (एक्सटेंडेट प्ले) के बारे में बात करते हुए दर्शन ने कहा, "इस ईपी (एक्सटेंडेट प्ले) के जरिए मैं अपने लिसनर्स के साथ रोमांस के अलग-अलग पहलू शेयर करना चाहता था। वो हमेशा मेरे ईमानदार और कमजोर पक्ष से जुड़े रहे हैं, जो 'सिर्फ तुम' में नजर आता है, जबकि 'जादू' मेरी ब्लू फैमिली के लिए मेरा तोहफा है। 'कारवां' एक ऐसा गाना है, जिसे मैं पहाड़ों में घूमते हुए और नेचर को एन्जॉय करते हुए सुनने की कल्पना कर सकता हूं। ये ईपी (एक्सटेंडेट प्ले) मेरे टूर 'लव लेटर्स' से भी जुड़ा हुआ है और मैं अपने ऑडियंस के इसे लाइव एक्सपीरियंस करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
