देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम धामी, कहा-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
देहरादून, 1 अप्रैल (आईएएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के निधन पर उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सीएम धामी ने परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने 'ऑपरेशन प्रहार' का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशीजी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
उन्होंने आगे लिखा, "इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों को प्रदेश में ऑपरेशन प्रहार चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऐसे तत्वों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"
इससे पहले सीएम धामी ने देहरादून में हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। सीएम धामी के निर्देश पर सोबन सिंह, उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी,जनपद-देहरादून और प्रभारी कुठालगेट चौकी एसआई अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
बता दें कि राजधानी देहरादून के राजपुर पुलिस स्टेशन एरिया में रिटायर ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत हो गई थी। यह गोली उन्हें तब लगी जब वे सुबह टहलने के लिए निकले थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 3:27 PM IST












