दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने दिखाई हाईटेक बम निष्क्रिय करने की तकनीक, 'वॉटर जेट डिसरप्टर' का किया लाइव प्रदर्शन
नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने एक विशेष डेमोंस्ट्रेशन-कम-ऑपरेशनल एक्सपोजर कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) के लिए महत्वपूर्ण उपकरण 'वॉटर जेट डिसरप्टर' का लाइव प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारी बाबू राम, डीआईजी/सीएएसओ तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अभ्यास का उद्देश्य बीडीडीएस कर्मियों को वॉटर जेट डिसरप्टर के सुरक्षित संचालन, सटीक उपयोग और रणनीतिक तैनाती का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था। यह उपकरण विशेष रूप से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) यानी देसी बम जैसे विस्फोटक खतरों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने में अहम भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान वास्तविक परिस्थितियों जैसा माहौल तैयार कर बीडीडीएस टीम को विशेष उपकरणों के उपयोग का अभ्यास कराया गया। इससे जवानों की तकनीकी दक्षता बढ़ी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने की उनकी क्षमता और मजबूत हुई।
इस अवसर पर डीआईजी/सीएएसओ बाबू राम ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते विस्फोटक खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नियमित प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों की जानकारी और वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने सभी कर्मियों से अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और सामरिक कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया, ताकि बम निष्क्रिय करने के प्रत्येक अभियान में त्वरित, सुरक्षित और बेहतर समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट पर भी इस अभ्यास की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बीडीडीएस कर्मियों की परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ बनाना है। संगठन ने दोहराया कि वह क्षमता निर्माण, विशेष प्रशिक्षण और परिचालन उत्कृष्टता के माध्यम से देश की विमानन सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 11:21 AM IST












