दिल्ली में कैब चालक की 'ब्लाइंड मर्डर' की गुत्थी सुलझी, शाहदरा पुलिस ने नाबालिग समेत 3 को किया गिरफ्तार

दिल्ली में कैब चालक की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी, शाहदरा पुलिस ने नाबालिग समेत 3 को किया गिरफ्तार
दिल्ली के शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ टीम और थाना कृष्णा नगर पुलिस ने कैब चालक की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ टीम और थाना कृष्णा नगर पुलिस ने कैब चालक की ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को कृष्णा नगर थाना पुलिस को रोड नंबर-57, मेट्रो पिलर नंबर-90 के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी एक मारुति वैगन-आर कार में चालक की सीट पर गंभीर रूप से घायल व्यक्ति मिला, जिसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। उसे तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विजय कुमार, निवासी वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी शाहदरा के निर्देशन और एसीपी गांधी नगर की निगरानी में थाना कृष्णा नगर तथा स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें न्यू सीलमपुर तक ट्रैक किया। लगातार छापेमारी के बाद अयान (20), साहिल (19) और 17 वर्षीय एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया। चौथे आरोपी अमन की तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जाफराबाद के कुछ युवकों से दुश्मनी के चलते पहले चाकू का इंतजाम किया गया। बाद में चारों ने शराब पी और आसानी से पैसे कमाने के उद्देश्य से एक कैब चालक को लूटने की योजना बनाई। अमन ने अयान के मोबाइल फोन से ऑनलाइन कैब बुक की। चित्रा विहार रेड लाइट के पास आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला किया, कार लेकर फरार हो गए और बाद में ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास वाहन छोड़कर भाग निकले।

जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, मारुति वैगन-आर कार, आरोपियों के कपड़े, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार अयान पहले भी लूट और झपटमारी के चार मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि साहिल के खिलाफ भी झपटमारी का एक मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, फोरेंसिक विश्लेषण और प्रभावी टीमवर्क की बदौलत इस ब्लाइंड मर्डर केस का तेजी से खुलासा संभव हो सका। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story