दिल्ली कोचिंग सेंटर में भीषण आग, स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाया

दिल्ली कोचिंग सेंटर में भीषण आग, स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित जनता मजदूर कॉलोनी में शनिवार को एक छोटे से कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। महज 20-25 गज के एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे इस कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी सामने आई है। घटना के समय सेंटर में कई बच्चे मौजूद थे, जो बाल-बाल बचे।

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र स्थित जनता मजदूर कॉलोनी में शनिवार को एक छोटे से कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। महज 20-25 गज के एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे इस कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी सामने आई है। घटना के समय सेंटर में कई बच्चे मौजूद थे, जो बाल-बाल बचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी। अचानक धुआं भर जाने से कमरे में अफरा-तफरी मच गई। संकरी करीब 10 फुट चौड़ी गली में स्थित सेंटर में निकास का रास्ता बेहद सीमित था, जिससे बच्चों के फंसने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था। कुछ बच्चे कंप्यूटर पर काम कर रहे थे, जबकि अन्य पढ़ाई में जुटे हुए थे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने जान पर खेलकर अंदर जाकर बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि स्थानीय लोगों की त्वरित मदद न होती तो हादसा बहुत बड़ा हो सकता था।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तंग गली के कारण दमकल वाहनों को अंदर तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कोचिंग सेंटर में अग्निशमन उपकरणों की पूरी अनुपस्थिति और संकरी जगह पर बच्चों को पढ़ाने की बात सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक मानी जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में कई छोटे-छोटे कोचिंग सेंटर चल रहे हैं, जहां सुरक्षा के न्यूनतम मानक भी नहीं अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी कोचिंग सेंटरों की तुरंत जांच की जाए और अनधिकृत व असुरक्षित सेंटरों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 April 2026 10:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story