दिल्ली हाईकोर्ट ने एंटी कैंसर दवाओं के अवैध निर्यात पर केंद्र सरकार को जारी किया नोटिस
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। भारत में सिर्फ घरेलू इस्तेमाल के लिए बनी जीवनरक्षक एंटी कैंसर दवाओं के गैर-कानूनी तरीके से विदेश निर्यात किए जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
याचिकाकर्ता ने कोर्ट को बताया कि कुछ कंपनियां घरेलू बाजार से इन दवाओं को खरीदकर वेरिफिकेशन सिस्टम की खामियों का फायदा उठाती हैं और इन्हें वैध निर्यात खेप के साथ मिलाकर विदेश भेज देती हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस जनहित याचिका पर केंद्र सरकार, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ), विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी), राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने इन सभी से चार सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये दवाएं विशेष रूप से भारतीय मरीजों, खासकर कैंसर रोगियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही थीं लेकिन कुछ कंपनियां और एक्सपोर्टर इन दवाओं को विदेशों में भेज रहे हैं। इससे देश में इन जरूरी दवाओं की कमी हो रही है और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर अब तक क्या-क्या कार्रवाई की गई है और इस तरह की गैर-कानूनी सप्लाई को रोकने के लिए क्या निगरानी व्यवस्था अपनाई गई है। याचिका में कहा गया है कि इस अवैध व्यापार से न सिर्फ मरीजों की जान को खतरा है बल्कि देश की दवा वितरण व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवा पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य मंत्रालय और संबंधित विभागों से सख्ती से पूछा कि निर्यात के नाम पर घरेलू जरूरत की दवाओं को विदेश भेजने की इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 May 2026 3:04 PM IST












