पीएम मोदी का जीवन आधे साधु और आधे गृहस्थ जैसा पद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज
गांधीनगर, 31 मार्च (आईएएनएस)। जैन धर्म के आचार्य श्री पद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में राज करने वाले तो बहुत लोग आए और गए, लेकिन पीएम मोदी लोगों के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने अब तक देश के विकास और लोगों के उत्थान के लिए बहुत कुछ किया है और आगे भी करते रहेंगे।
आचार्य ने कहा कि पीएम मोदी का जीवन, उनकी सादगी, उनका समर्पण और उनका लक्ष्य—ये सभी बातें हमें उनके जीवन की गहराई को समझने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा, "शब्दों में सब कुछ व्यक्त करना मुश्किल है, लेकिन मैं यही कहूंगा कि वे एक ऐसे व्यक्ति हैं जो आधे साधु और आधे गृहस्थ के रूप में जीवन जी रहे हैं। उनका जीवन सरल, उद्देश्यपूर्ण और प्रेरणादायक है।"
उन्होंने यह भी बताया कि कई वर्षों बाद उनकी पीएम मोदी से फिर मुलाकात हुई और उनके साथ बातचीत करके उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि इस दौर में, जहां दुनिया में युद्ध और संघर्ष की स्थिति है, पीएम मोदी ने देश को संकटों से बचाने और लोगों को शांति और सुरक्षा देने के लिए हर संभव प्रयास किया है। आचार्य ने प्रधानमंत्री का इसके लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
आचार्य श्री पद्मसागर सूरीश्वरजी महाराज ने आगे कहा कि पहले एक समय ऐसा था जब हम शांति की तलाश में पूरी दुनिया में नजर दौड़ाते थे, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं। पूरी दुनिया हमारी तरफ देख रही है और हमारे विचारों को समझने की कोशिश कर रही है। इस बदलाव का श्रेय उन्होंने पीएम मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति लंबे समय तक सोई हुई थी और लोगों के मन में यह एहसास नहीं था कि वे कौन हैं और सनातन संस्कृति क्या है, लेकिन पीएम मोदी ने लोगों के मन में हमारी संस्कृति और सनातन परंपराओं को समझने और अपनाने की भावना जगाई है।
उन्होंने यह भी कहा, "दिल्ली में राज करने वाले तो बहुत लोग आए और गए, लेकिन लोगों के दिलों पर राज करने वाले बहुत कम होते हैं। पीएम मोदी ऐसे ही एक नेता हैं, जिन्होंने लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई। ईश्वर करें उनका स्वास्थ्य उत्तम रहे, देश-सेवा के कार्यों में उन्हें हमेशा सहयोग प्राप्त हो और उनका मार्गदर्शन हमेशा हमारे लोगों के कल्याण के लिए रहे।"
आचार्य ने प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि उनका राष्ट्र का विकास हो, लोगों का उत्थान हो और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल हों। उन्होंने विश्वास जताया कि पीएम मोदी निश्चित रूप से अपने कार्यों में सफल होंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 12:48 PM IST












