दिल्ली में तेजी से चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य, जलभराव की समस्या 80-90 फीसदी तक कम हुई प्रवेश वर्मा

दिल्ली में तेजी से चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य, जलभराव की समस्या 80-90 फीसदी तक कम हुई प्रवेश वर्मा
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने राजधानी में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लंबित परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, आईएफसी और अन्य इंजीनियरिंग विभाग मिलकर शहर के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्यों को गति दे रहे हैं, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और जलभराव जैसी समस्याओं में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने राजधानी में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लंबित परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, आईएफसी और अन्य इंजीनियरिंग विभाग मिलकर शहर के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्यों को गति दे रहे हैं, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और जलभराव जैसी समस्याओं में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछले 20 साल में जो काम नहीं हो पाए, वे अब तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने इन विकास कार्यों का श्रेय क्षेत्रीय विधायकों को देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि लगातार जनता की समस्याओं और मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं और नए-नए सुझावों के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिस महत्वपूर्ण चौराहे पर वे मौजूद थे, वहां भी जल्द ही एक स्काईवॉक का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक और विधानसभा के चीफ व्हिप अभय वर्मा ने सुझाव दिया कि आईटीओ की तर्ज पर यहां भी स्काईवॉक बनाया जाना चाहिए। सरकार इस प्रस्ताव पर तेजी से काम कर रही है और बहुत जल्द एक आकर्षक एवं आधुनिक स्काईवॉक जनता को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह इलाका अत्यधिक व्यस्त ट्रैफिक वाला क्षेत्र है, जहां सड़क पार करने के दौरान पैदल यात्रियों को दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में स्काईवॉक बनने से लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। राजधानी की कई सड़कों पर इस समय बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। लोगों को जगह-जगह निर्माण कार्य दिखाई दे रहे होंगे, लेकिन यह सब दिल्ली के दीर्घकालिक विकास के लिए किया जा रहा है। सरकार ने बारिश से पहले जलभराव की समस्या को खत्म करने का वादा किया था और उस दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

उन्होंने पूर्वी दिल्ली के एक ऐसे इलाके का उदाहरण दिया, जहां पहले बारिश के दौरान सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो जाती थीं। उन्होंने कहा कि वहां हालात इतने खराब रहते थे कि नाव चलाने जैसी स्थिति बन जाती थी और बसें तक पानी में डूब जाती थीं। प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि जहां आम आदमी पार्टी के शासनकाल में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया 10 वर्षों में समस्या का समाधान नहीं कर सके, वहीं विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने एक वर्ष के भीतर ही आवश्यक कार्य पूरे कर दिए। हाल की बारिश में उस क्षेत्र में न तो वाहन पानी में फंसे और न ही जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय संबंधित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता को दिया। वर्मा ने कहा कि एक अच्छी सरकार और प्रभावी नेतृत्व के कारण राजधानी में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और लोगों को उसका लाभ मिल रहा है।

मंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली के लोग बारिश से पहले मंदिरों में जाकर यह प्रार्थना करते थे कि बारिश न हो, क्योंकि उन्हें सड़कों पर पानी भरने की चिंता रहती थी। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। आज लोग अधिक बारिश होने की प्रार्थना कर सकते हैं क्योंकि सरकार ने जलभराव की समस्या को लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक समाप्त कर दिया है। जिन स्थानों पर अभी दीर्घकालिक समाधान के तहत परियोजनाएं चल रही हैं, वहां भी आने वाले समय में स्थायी रूप से जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी। दिल्ली को आधुनिक और सुरक्षित बुनियादी ढांचे वाली राजधानी बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 July 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story