दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना, आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि अगले कुछ घंटों के दौरान राजधानी और आसपास के कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के सभी 11 जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की है। विभाग के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और भारी बारिश की बहुत अधिक संभावना है। इन इलाकों में हवा की गति लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही बिजली कड़कने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटा से अधिक की भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और सोनीपत में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ तूफान, बिजली कड़कने और मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। बारिश की तीव्रता 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और संभल में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें। सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर नजर रखें और बाढ़ या जलभराव की आशंका वाले इलाकों से बचें।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी ले लें और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 8:13 AM IST












