'गेंदबाजी में हम और बेहतर कर सकते थे', तीसरे टी20 में हार के बाद बोले कैरेबियाई कप्तान शाई होप

गेंदबाजी में हम और बेहतर कर सकते थे, तीसरे टी20 में हार के बाद बोले कैरेबियाई कप्तान शाई होप
वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में रविवार को भारत के खिलाफ 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत से मिले 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी। हार के बाद कैरेबियाई टीम के कप्तान शाई होप ने माना कि टीम गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

इंदौर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में रविवार को भारत के खिलाफ 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत से मिले 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी। हार के बाद कैरेबियाई टीम के कप्तान शाई होप ने माना कि टीम गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी।

मैच के बाद होप ने कहा, "ऐसी कई बातें हैं जिन पर आप उंगली उठा सकते हैं। हालांकि, क्रिकेट मैचों में जीत-हार का अंतर बहुत कम होता है। एक जीतने वाली टीम के तौर पर आप कुछ खास पलों को चुन सकते हैं। शायद गेंदबाजी में हम और बेहतर कर सकते थे और हमने कुछ बाउंड्री भी जाने दीं। मेरा मानना ​​है कि जिस तरह से हम गेम में वापस आए, वह वाकई तारीफ के काबिल था। शुरुआत से ही, अगर आप उस पार्टनरशिप को देखें, तो वह बहुत खतरनाक थी, लेकिन रोस्टन की बदौलत हमें कुछ विकेट मिले और हमने मैच पर पकड़ बनाई।"

वेस्टइंडीज की सलामी जोड़ी अब तक खेले गए तीनों ही मैचों में छाप छोड़ने में नाकाम रही है। होप ने माना कि ओपनिंग साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा, "हां, हमें अच्छी ओपनिंग साझेदारी की जरूरत है ताकि एक मजबूत नींव रखी जा सके, लेकिन इसके लिए आप सिर्फ एक या दो खिलाड़ियों को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते। ओस न होने का भी असर पड़ा। हमें लगा कि हमारी पारी के आखिर में गेंद थोड़ी ज्यादा स्विंग हो रही थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों को इसका श्रेय जाता है, उन्होंने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और हमें दिखाया कि यॉर्कर कैसे डालते हैं। उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए।"

पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 223 रन बनाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, ईशान किशन ने 18 गेंदों में 37 रनों का योगदान दिया।

तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 28 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से कामिल पूरन ने 27 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि शिमरोन हेटमायर ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं, रदरफोर्ड ने 21 गेंदों में 32 रन बनाए। अंत के ओवरों में शमर स्प्रिंगर ने सिर्फ 11 गेंदों में 35 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2026 8:34 AM IST

Tags

Next Story