दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ बढ़ रहा प्रदूषण का स्तर, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 300 के पार

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों बदलते मौसम के बीच प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिलेगा। एक ओर जहां तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, वहीं दूसरी ओर हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, और आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। 24 और 25 अक्टूबर को तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।
हालांकि, 26 अक्टूबर से मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। 26 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री पर आ जाएगा। 27 और 28 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इन दिनों आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम में बदलाव के साथ-साथ एनसीआर की हवा जहरीली होती जा रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) कई इलाकों में लाल निशान के पार पहुंच चुका है।
दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में है। दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 260, आनंद विहार में 218, अशोक विहार में 193, आया नगर में 232, बवाना में 269, बुराड़ी क्रॉसिंग में 246 और कैंटोनमेंट एरिया में 159 दर्ज किया गया है। यदि ग्रेटर नोएडा की बात करें तो यहां की हवा सबसे ज्यादा जहरीली हो गई है। नॉलेज पार्क- III में एक्यूआई 337 और नॉलेज पार्क- V में एक्यूआई 376 तक पहुंच गया है, जो कि 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में आता है।
वहीं, गाजियाबाद की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। गोविंदपुरम में एक्यूआई 322, इंदिरापुरम में 281, संजय नगर में 291 और वसुंधरा में 304 दर्ज किया गया है, जो लाल श्रेणी में हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि तापमान में अचानक आ रही यह गिरावट और हवा की रफ्तार में कमी प्रदूषण को और अधिक बढ़ाने का काम कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
