दिल्ली में नेब सराय पुलिस ने दो वाहन चोरों को दबोचा, चोरी की बाइक बरामद
नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ दिल्ली में वाहन चोरी करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। नेब सराय थाने की पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
दिल्ली पुलिस साउथ डिस्ट्रिक्ट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 सितंबर को नेब सराय थाने की टीम रूटीन पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान टीम ने सैनिक फार्म के एन-ब्लॉक में राधे गार्डन के पास बंध रोड सर्विस रोड पर एक युवक को बिना वैध कागजातों के मोटरसाइकिल चलाते हुए देखा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की।
पकड़े गए युवक की पहचान आसिफ खान (19) के रूप में हुई। जब मोटरसाइकिल के दस्तावेजों की जांच की गई तो युवक कोई वैध कागज नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने बाइक के नंबर की जांच की तो खुलासा हुआ कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है। इस संबंध में साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के पुल प्रहलादपुर थाने में ई-एफआईआर नंबर 022299/2026 दिनांक 17.09.2026 के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में आसिफ खान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने यह बाइक अपने साथी नितिन के साथ मिलकर चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम तुरंत सैनिक फार्म के एन-ब्लॉक पहुंची और दूसरे आरोपी नितिन को भी धर दबोचा। गिरफ्तार दूसरा आरोपी नितिन (19) सैनिक फार्म, दिल्ली का रहने वाला है। दोनों आरोपी पेशे से मजदूर हैं।
इस पूरी कार्रवाई को एसएचओ नेब सराय के नेतृत्व और एसीपी संगम विहार की देखरेख में अंजाम दिया गया। टीम में हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद, कॉन्स्टेबल नरेंद्र और हेड कॉन्स्टेबल संदीप शामिल थे। पुलिस की तत्परता और फील्ड जांच के चलते ही चोरी की बाइक का पता चल सका।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(1)(ई) और 106 के तहत जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया और अदालत के सामने पेश किया। डीसीपी साउथ डिस्ट्रिक्ट अनंत मित्तल ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई से यह सफलता मिली है। क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार गश्त बढ़ाई गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Sept 2026 10:57 AM IST












