दिल्ली पुलिस ने फर्जी वसूली एजेंट गिरोह का किया भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के पूर्वी जिले के शाकरपुर पुलिस स्टेशन ने बैंक के फर्जी वसूली एजेंट बनकर सड़क किनारे जबरन वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह ने मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके उन वाहनों की पहचान की जिन पर ईएमआई बकाया थी। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए इनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन और एक कार बरामद किया है।
पुलिस उपाधीक्षक आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, केशव कुमार ने बताया कि 26 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आईटीओ के पास विकास मार्ग पर एक सफेद ब्रेज़ा कार में सवार लोगों ने उन्हें गलत तरीके से रोका। आरोपियों ने उन्हें जबरन ले जाकर मारपीट और धमकी दी और ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से 18,000 रुपये की जबरन वसूली की। इसके बाद शाकरपुर थाना पुलिस ने 27 मार्च को केस दर्ज कर एक विशेष टीम गठित की। टीम शकरपुर थाने के एसएचओ की देखरेख में और एसीपी प्रीत विहार के समग्र पर्यवेक्षण में काम कर रही थी।
जांच के दौरान मुखबिर ने बागपत के कुछ व्यक्तियों की संलिप्तता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जो मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करके बकाया ईएमआई वाले वाहनों की पहचान कर रहे थे। मोबाइल डेटा के तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से इस जानकारी की पुष्टि की गई, जिससे अपराध स्थल पर संदिग्धों की उपस्थिति और उनके बीच संबंध स्थापित हो गया। निरंतर प्रयासों और छापों के आधार पर, प्रिंस, शिवम, टीटू उर्फ टिट्टू और आकाश उर्फ अक्कू को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया कि वे मोबाइल एप्लिकेशन ईजी रिकवरी ऐप का उपयोग करके फर्जी वसूली एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। व्यस्त सड़कों पर बिना नंबर प्लेट वाली सफेद ब्रेज़ा कार का उपयोग करके वाहन मालिकों को निशाना बनाया है। पुलिस ने बताया कि अन्य पीड़ितों की पहचान करने और वित्तीय लेनदेन में मदद करने वाले उनके सहयोगी का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 10:37 AM IST












