डेंगू की चपेट में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा, साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से हुए बाहर

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा डेंगू की चपेट में आने के चलते 10 दिसंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गए हैं। इससे पहले वह लंबे समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे।
दाएं हाथ के इस पेसर को गुरुवार रात को प्लेटलेट काउंट में काफी गिरावट आने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते लगने की उम्मीद है, क्योंकि इस बीमारी की वजह से वह शारीरिक रूप से कमजोर हो सकते हैं और मैदान पर उनकी वापसी में और देरी हो सकती है।
'क्रिकबज' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अधिकारियों ने कन्फर्म किया है कि राणा को डेंगू हो गया है और उनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट में बीसीबी के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया, "उन्हें एवरकेयर में भर्ती कराया गया है और उन्हें डेंगू होने का पता चला है। उन्हें ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते लगेंगे, क्योंकि डेंगू की वजह से आपका शरीर बहुत कमजोर हो जाता है।" यह नया डेवलपमेंट राणा के लिए एक और झटका है, जिनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर बांग्लादेश टीम मैनेजमेंट चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद करीब से नजर रख रहा था।
इस महीने की शुरुआत में बीसीबी के चीफ सिलेक्टर हबीबुल बशर ने इशारा किया था कि बोर्ड को उम्मीद है कि यह तेज गेंदबाज साउथ अफ्रीका टूर के टी20 लेग के लिए उपलब्ध रहेगा, साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वह उनकी वापसी में जल्दबाजी नहीं करना चाहते।
इस महीने की शुरुआत में साउथ अफ्रीका टूर के लिए टीम की घोषणा करने के बाद बशर ने कहा था, "वह (नाहिद राणा) निश्चित रूप से टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं और यह संभावना नहीं है कि हम उन्हें वनडे के लिए शामिल कर पाएंगे, लेकिन हम देखेंगे कि वह टी20 इंटरनेशनल के लिए उपलब्ध हो सकते हैं या नहीं। मुझे जो रिपोर्ट मिल रही हैं उस देखते हुए हम शायद एक रिस्क ले सकते हैं और उन्हें वनडे के लिए शामिल कर सकते हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि क्या हमें वह रिस्क लेना चाहिए। फिर भी, मेरा मानना है कि वह टी20 सीरीज तक फिट हो जाएंगे।'
राणा को जुलाई में बांग्लादेश के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान ग्रेड-टू साइड स्ट्रेन हुआ था। चोट के कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स और अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से बाहर रहना पड़ा। इसके बाद ग्लूट इंजरी की वजह से उनके रिहैबिलिटेशन में रुकावट आई, जिससे वह यूएई में ट्राई-सीरीज और वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
