देश की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि पर नेता बोले- पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच से इकोनॉमी में शानदार प्रदर्शन
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में देश की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के करिश्माई नेतृत्व और दूरदर्शी सोच की वजह से आज हमारी इकोनॉमी शानदार प्रदर्शन कर रही है। भारत की इकोनॉमी के अलावा ऐसा कहीं ग्रोथ देखने को नहीं मिल रहा है। एक वक्त ऐसा भी था कि जब भारत की इकोनॉमी इतनी खराब थी कि सोना तक गिरवी रखना पड़ा था। आज की स्थिति में हम बहुत ही मजबूती से खड़े हैं।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी ने तो 'डेड इकोनॉमी' बता दिया था। देखिए आज देश की इकोनॉमी कितना शानदार प्रदर्शन कर रही है। अपनी बातों को लेकर राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के बयान को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से निशाना साधे जाने पर प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी का 'डेड इकोनॉमी' वाला बयान बहुत ही शर्मसार करने वाला था। राहुल गांधी की सोच 'डेड' है। उनकी सोच और संवेदनशीलता मर गई है।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और वित्त मंत्री की देखरेख में, देश की जीडीपी पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत बढ़ी है। विपक्ष के नेता हर सुबह हर मंच से भारत की अर्थव्यवस्था की हालत पर दुख जताने निकलते हैं, लेकिन जीडीपी के आंकड़ों ने उनकी पूरी स्क्रिप्ट ही बदल दी है।"
दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा, "जीडीपी ग्रोथ रेट जिस तरह से बढ़ी है, वह अपने आप में अनोखी है। यह अनोखी इसलिए है क्योंकि सभी देशों से जुड़ने और उन देशों के साथ व्यापार करने से निश्चित रूप से भारत को फायदा होगा। और अब तक कोई ऐसा प्रधानमंत्री नहीं हुआ है जिसने दूसरे देशों के साथ ऐसे व्यापारिक संबंध बनाए हों। जीडीपी दर का बढ़ना निश्चित रूप से भारत के लिए गर्व की बात है।"
भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने कहा, "दुनिया भर में आए संकटों के बावजूद, अगर फाइनेंशियल ईयर 2026 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी 7.8 प्रतिशत पर इतनी मजबूत बनी हुई है, तो यह दिखाता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था कितनी मजबूत है और संकटों का सामना करने की हमारी क्षमता कितनी बढ़ गई है। मेरा मानना है कि यह मजबूती पूरी दुनिया के लिए एक नया बेंचमार्क तय करती है, क्योंकि यह वह समय था जब कई देशों में एनर्जी लॉकडाउन लगाए जा रहे थे।"
भाजपा नेता जय प्रकाश ने कहा, "हमारा देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। लोग चाहे जो भी कहें, भारत की ग्रोथ बढ़ती रहेगी, जीडीपी के मामले में, विकास के मामले में और एक विकसित भारत के तौर पर। हम हमेशा शांति के पक्ष में रहे हैं, और हम देश और दुनिया में शांति चाहते हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Sept 2026 3:01 PM IST












