देश में जवाबदेही लाने वालों का समर्थन करता हूं सोनम वांगचुक
नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा भारत निर्वाचन आयोग में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और आंदोलन की बात करने पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि वे (सीजेपी) ऐसे कई मुद्दों को उठाने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि देश में जवाबदेही लाने की बात करने वाले सभी नेताओं और संगठनों के साथ मेरी सहानुभूति, सहमति और समर्थन है, लेकिन हर समय हर आंदोलन से जुड़े रहना संभव नहीं होगा।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के बारे में सीजेपी की घोषणा पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "मैं हमेशा से चाहता था कि जो लोग काबिल बन जाएं, वे आगे चलकर अलग-अलग मुद्दों को उठाएं। जब वे नए थे और उन्हें मेरी जरूरत थी, तो मैंने शिक्षा आंदोलन में उनका साथ दिया। अब वे ऐसे कई मुद्दों को उठाने में सक्षम हैं क्योंकि मेरे लिए हर मुद्दे का समर्थन करना या हर समय हर आंदोलन से जुड़े रहना संभव नहीं होगा। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। न सिर्फ सीजेपी, बल्कि देश में जवाबदेही लाने की बात करने वाले सभी नेताओं और संगठनों के साथ मेरी सहानुभूति, सहमति और समर्थन है लेकिन मैं हर आंदोलन में शामिल नहीं हो पाऊंगा क्योंकि अभी मैं लद्दाख के लिए न्याय की मांग कर रहा हूं और उस दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।"
लद्दाख हिंसा की पहली बरसी पर सोनम वांगचुक कहते हैं, "मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अक्टूबर की शुरुआत में बातचीत की बात कही गई थी, लेकिन हमारा भरोसा धीरे-धीरे कम हो रहा है क्योंकि अब तक चीजें ऐसी ही होती रही हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि 2 अक्टूबर तक हमें कुछ ऐसा सुनने को मिलेगा जिससे हमारा यह भरोसा बहाल हो कि सरकार कुछ सही करने जा रही है। वरना हम शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन और हमारे पास उपलब्ध अन्य शांतिपूर्ण तरीकों को जारी रखेंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 8:14 PM IST












