धमतरी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भटगांव से 1.20 लाख रुपए के पटाखे जब्त
धमतरी, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्योहारी सीजन से पहले अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रुद्री पुलिस ने ग्राम भटगांव में दबिश देकर 1.20 लाख रुपए के अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में सतत निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में थाना रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना रुद्री की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
मौके पर जांच के दौरान पुलिस को विभिन्न कंपनियों के पटाखे मिले, जिन्हें बिना वैध लाइसेंस के भंडारित किया गया था। पुलिस ने मौके से कुल 10 खाची और 1 कार्टून में रखे पटाखे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 1,20,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि पटाखों का असुरक्षित तरीके से भंडारण आगजनी और बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा कर सकता था, जिससे आसपास के लोगों की जानमाल को खतरा हो सकता था।
आरोपी की पहचान शुभम देवांगन ( 20) निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण और विक्रय केवल वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। बिना अनुमति पटाखों का भंडारण या बिक्री कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में न डालें। किसी भी स्थान पर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 10:23 PM IST












