महाराष्ट्र में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 1.73 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ और वाहन जब्त, छह गिरफ्तार

महाराष्ट्र में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 1.73 करोड़ रुपए का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ और वाहन जब्त, छह गिरफ्तार
महाराष्ट्र में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों, मिलावट की आशंका वाले उत्पादों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और तीन वाहनों सहित कुल 1.73 करोड़ रुपए की जब्ती की गई है। इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों, मिलावट की आशंका वाले उत्पादों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों और तीन वाहनों सहित कुल 1.73 करोड़ रुपए की जब्ती की गई है। इस मामले में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एफडीए के अनुसार, पालघर जिले में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया गया। इसमें रखे प्रतिबंधित सामान की कीमत करीब 1.31 करोड़ रुपए, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई गई है। इसको लेकर मनोर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर संभाग में भी प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नासिक में करीब 11.40 लाख रुपए का प्रतिबंधित सामान और एक वाहन जब्त किया गया, जबकि छत्रपति संभाजीनगर में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। नागपुर संभाग में दो प्रतिष्ठानों से करीब 1.72 लाख रुपए का प्रतिबंधित सामान जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

रायगढ़ जिले के तलोजा में दूध और दुग्ध उत्पाद बनाने तथा स्टोर करने वाले केंद्रों की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। एफडीए ने 5,394 लीटर दूध, 119 किलोग्राम पनीर और 1,019 किलोग्राम दही को नष्ट करने या सुरक्षित अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की। इन उत्पादों की कुल कीमत 3.88 लाख रुपए बताई गई है। तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।

जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में बिना वैध लाइसेंस दूध का भंडारण, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की अनुपलब्धता और साफ-सफाई की गंभीर समस्याएं मिलीं। दूसरे प्रतिष्ठान में पनीर बनाने वाले कमरे में छिपकली पाई गई। वहीं, तीसरे प्रतिष्ठान में दही के लेबल पर दी गई पोषण संबंधी जानकारी और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में अंतर पाया गया।

पुणे संभाग में खाद्य तेल के निरीक्षण के दौरान 9,675 किलोग्राम से अधिक तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 21.94 लाख रुपए है। वहीं, अहिल्यानगर जिले में 2,065 किलोग्राम गुड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.74 लाख रुपए है। एफडीए को गुड़ की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर संदेह था। इसके साथ ही, उसके लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख दर्ज नहीं थी।

एफडीए ने मुंबई के मलाड पश्चिम स्थित ब्रिजवासी और भांडुप स्थित जेप्टो लिमिटेड के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और सैनिटेशन से संबंधित गंभीर खामियां पाई गईं।

इसके अलावा, पुणे संभाग में सात होटलों और ढाबों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें तीन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया, जबकि बिना लाइसेंस या पंजीकरण के कारोबार कर रहे चार प्रतिष्ठानों को व्यवसाय बंद करने का निर्देश दिया गया।​‌

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2026 11:24 PM IST

Tags

Next Story