धनबाद अनुकंपा पर नौकरी पाने के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी देकर कराई पिता की हत्या, तीन गिरफ्तार
धनबाद, 25 जून (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में हुए तुलेश्वर नोनियां हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से मृतक के मंझले बेटे ने ही हत्या की साजिश रची थी। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विजय नोनियां, अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि विजय नोनियां ने अपने पिता तुलेश्वर नोनियां की हत्या कराने के लिए कथित तौर पर 10 लाख रुपये में सौदा किया था। पुलिस के अनुसार, तुलेश्वर नोनियां बीसीसीएल में कार्यरत थे। आरोप है कि उनकी मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी प्राप्त करने की मंशा से हत्या की योजना बनाई गई। इसी क्रम में विजय नोनियां ने दो अन्य आरोपियों की मदद से वारदात को अंजाम दिलाया।
मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था।
उल्लेखनीय है कि 20 जून की सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनियां के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि उनकी हत्या पत्थर से हमला कर की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की थी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि जांच के दौरान हत्या के पीछे पारिवारिक और आर्थिक कारणों की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एबीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 8:54 PM IST












