धनबाद भ्रूण लिंग जांच के बाद अवैध गर्भपात के दौरान महिला की मौत, पति और सेंटर संचालक गिरफ्तार

धनबाद भ्रूण लिंग जांच के बाद अवैध गर्भपात के दौरान महिला की मौत, पति और सेंटर संचालक गिरफ्तार
झारखंड के धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र में भ्रूण लिंग जांच के बाद कथित तौर पर अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने के दौरान किरण कुमारी नामक एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का गंभीर आरोप है कि गर्भ में बेटी होने की बात सामने आने पर महिला के पति ने जबरन गर्भपात कराने का फैसला लिया था।

धनबाद, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र में भ्रूण लिंग जांच के बाद कथित तौर पर अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने के दौरान किरण कुमारी नामक एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का गंभीर आरोप है कि गर्भ में बेटी होने की बात सामने आने पर महिला के पति ने जबरन गर्भपात कराने का फैसला लिया था।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सोनू केवट और श्यामडीह चौक स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक सचिन केवट को गिरफ्तार कर लिया है। संबंधित जांच केंद्र को सील कर दिया गया है। मृतका के भाई चंद्रिका कुमार ने बताया कि किरण तीन से चार महीने की गर्भवती थी। दंपती की पहले से एक बेटी है।

परिजनों का आरोप है कि दूसरी बार गर्भधारण के बाद पति ने लिंग परीक्षण कराया और जब भ्रूण के कन्या होने का पता चला, तो दबाव बनाकर अवैध गर्भपात कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। आरोप है कि गर्भपात के दौरान किरण को अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लडिंग) हुआ, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर और समुचित चिकित्सीय मदद उपलब्ध नहीं हो सकी थी। कतरास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक पड़ताल में गलत तरीके से गर्भपात कराने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होने की बात सामने आई है। मामले के हर पहलू की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story