jharkhand News: धनबाद के पीएमश्री नवोदय विद्यालय में छात्र को बेरहमी से पीटा, वीडियो किया वायरल

धनबाद के पीएमश्री नवोदय विद्यालय में छात्र को बेरहमी से पीटा, वीडियो किया वायरल
झारखंड के धनबाद जिले के निरसा स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 10 के छात्र को अर्धनग्न कर उसकी बेरहम पिटाई और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। छात्र के कुछ सहपाठियों ने न सिर्फ उसे पीटा और अपमानित किया, बल्कि घटना का वीडियो बनाकर इसे वायरल कर दिया। घटना के दो दिन बाद मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है।

धनबाद, 16 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के निरसा स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 10 के छात्र को अर्धनग्न कर उसकी बेरहम पिटाई और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। छात्र के कुछ सहपाठियों ने न सिर्फ उसे पीटा और अपमानित किया, बल्कि घटना का वीडियो बनाकर इसे वायरल कर दिया। घटना के दो दिन बाद मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है।

पीड़ित छात्र गोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार देर रात छात्रावास में मोबाइल के जरिए पैसे के लेन-देन को लेकर कुछ छात्रों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि देर रात कुछ छात्रों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित और उसके परिजनों का कहना है कि उसके हाथ बांध दिए गए और बेल्ट से उसकी पिटाई की गई।

यह भी आरोप है कि छात्र के कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया गया और उसे किसी से घटना का जिक्र नहीं करने की धमकी दी गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

परिजनों का कहना है कि भय और दबाव के कारण पीड़ित छात्र ने दो दिनों तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इस दौरान वह विद्यालय की नर्स से दवा लेकर दर्द सहता रहा। उसने घर पर भी अपनी वास्तविक स्थिति नहीं बताई। गुरुवार को तबीयत अधिक बिगड़ने और दर्द बढ़ने पर उसने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद परिजन विद्यालय पहुंचे। इसके बाद छात्र को पहले पांडरा उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर कर दिया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

घटना सामने आने के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 7:02 PM IST

Tags

Next Story