धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है मानसून, 8 और 9 जुलाई को एनसीआर में येलो अलर्ट; तेज हवाओं और बारिश के आसार
नोएडा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। लंबे इंतजार के बाद अब मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 8 और 9 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और मध्यम बारिश की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत रह सकती है, जिससे उमस भी महसूस होगी। पूर्वानुमान के मुताबिक 8 जुलाई की पूर्वाह्न अवधि में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दोपहर, शाम और रात के समय भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक जारी रह सकती है तथा हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत रहने की संभावना है। सुबह से लेकर दिनभर विभिन्न समय पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को अधिकतम तापमान बढ़कर 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। 11 जुलाई को भी गरज के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
इसके बाद 12 और 13 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं। दोनों दिनों में सामान्यतः बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। 12 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पिछले कुछ दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पहले जहां एनसीआर में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, वहीं अब बारिश की गतिविधियां बढ़ने से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि अधिक नमी के कारण उमस बनी रह सकती है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 9:56 AM IST












