ध्रुव जुरेल बने संकटमोचक, 246 रनों में सिमटी भारत की पहली पारी, जेमीसन ने झटके चार विकेट

क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में भारत की पूरी टीम 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत ने अपने दूसरे दिन के स्कोर 116/6 से आगे खेलना शुरू किया। स्कोर बोर्ड में एक रन जुड़ने के बाद ही मैट हेनरी ने अंशुल कंबोज को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। अंशुल हेनरी की बाहर की तरफ जाती हुई गेंद पर बल्ला लगा बैठे और स्लिप में हेनरी निकोल्स को कैच देकर आउट हुए।
इसके बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और उन्हें आकाश दीप के रूप में बढ़िया जोड़ीदार मिला। दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 74 गेंदों में 46 रन जोड़े। आकाश की 52 गेंदों में खेली गई 29 रनों की पारी का अंत नाथन स्मिथ ने किया। आकाश ने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए।
हालांकि, जुरेल एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम को फॉलोऑन से बचाया। उन्होंने नौवें विकेट के लिए डेब्यूटेंट गुरनूर बरार संग मिलकर 123 गेंदों में 64 रनों की अहम साझेदारी निभाई। गुरनूर 46 गेंदों का सामना करने के बाद एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर काइल जेमीसन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।
जुरेल भारत की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। जुरेल अपने शतक से 12 रन दूर रह गए और 170 गेंदों का सामना करने के बाद 88 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस महत्वपूर्ण पारी में जुरेल ने 14 चौके लगाए। पिछली पांच इनिंग्स में भारतीय बल्लेबाज ने चौथी बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली।
बुमराह 17 गेंदों का सामना करने के बाद 4 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में काइल जेमीसन ने 25.1 ओवर के स्पेल में 69 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि मैट हेनरी, नाथन स्मिथ और जैकब डफी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। न्यूजीलैंड ने पहली पारी के आधार पर 110 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
