सुप्रीम कोर्ट ने कमीडियन समय रैना पर लगाया 3 लाख का जुर्माना, कहा- 'अदालत को बेवकूफ बनाया है'
नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। कंट्रोवर्सियल शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में होस्ट समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और अन्य इन्फ्लुएंसर्स द्वारा दिव्यांगों का मजाक उड़ाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान फटकार लगाते हुए कहा कि कमीडियन समय रैना ने अदालत को बेवकूफ बनाने की कोशिश की है और सुप्रीम कोर्ट के सामने गलत बयान दिए हैं। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत ने समय रैना समेत इंडिया गॉट लेटेंट के विवादित शो में शामिल रहे कमीडियन और अन्य गेस्ट्स पर 3-3 लाख का जुर्माना लगाया है।
इसके साथ ही कोर्ट ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि जुर्माने की राशि दो हफ्ते में जमा नहीं की गई, तो उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने समय रैना और अन्य कमीडियन्स से सवाल पूछा कि उन्होंने अपने अंदर सुधार लाने के लिए क्या किया है?
मामले की सुनवाई के दौरान क्योर एसएमए फाउंडेशन की तरफ से पेश हुईं सीनियर एडवोकेट अपराजिता सिंह ने अदालत को बताया कि समय रैना ने पहले यह भरोसा दिलाया था कि उन्होंने दिव्यांगों के लिए कुछ इवेंट्स आयोजित किए हैं, लेकिन कोर्ट के निर्देश के बावजूद उन्होंने संस्था से कोई संपर्क नहीं किया।
संस्था के वकीलों ने कोर्ट को बताया कि समय रैना की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई माफी नहीं मांगी गई है।
क्योर एसएमए फाउंडेशन का आरोप है कि समय रैना ने 'दैट कॉमेडी क्लब' में स्टैंडअप में स्पाइनल मस्क्यूलर अट्रॉफी (एसएमए) से पीड़ित एक नेत्रहीन नवजात का मजाक उड़ाया था, जिसे जीवित रहने के लिए 16 करोड़ के इंजेक्शन की जरूरत थी।
उन्होंने कहा था, ''देखो, चैरिटी अच्छी बात है, करनी चाहिए। मैं एक चैरिटी देख रहा था, जिसमें एक दो महीने का बच्चा है, जिसे कुछ तो क्रेजी हो गया था। इलाज के लिए उसे 16 करोड़ रुपए का इंजेक्शन चाहिए था।''
समय ने शो में बैठी एक महिला से सवाल किया, ''मैम, आप बताइए... अगर आप वो मां होतीं और आपके बैंक में 16 करोड़ रुपए आ जाते, तो एक बार तो अपने पति को देखकर बोलती न कि महंगाई बढ़ रही है और कोई गारंटी नहीं है कि वो बच्चा उस इंजेक्शन के बाद भी बचेगा। मर भी तो सकता है। सोचो इंजेक्शन के बाद मर गया। उससे भी खराब सोचो कि 16 करोड़ के इंजेक्शन के बाद बच्चा बच गया, फिर बड़ा होकर बोले कि मैं पोएट बनना चाहता हूं।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 5:45 PM IST












