दूध के दाम बढ़ने से आम जनता की जेब पर बढ़ेगा बोझ, ग्राहकों ने जताई नाराजगी

अहमदाबाद, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल दूध के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दूध ऐसी जरूरी वस्तु है, जिसका इस्तेमाल हर घर में होता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए दूध की जरूरत अधिक होती है। ग्राहकों ने सरकार से दूध के बढ़े हुए दाम वापस लेने की मांग की है।
दूध खरीदने पहुंचे नीरज ने कहा कि दूध के दाम बढ़ने से आम लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। अभी कीमतों में बढ़ोतरी नहीं करनी चाहिए थी। अगर एक-दो महीने बाद दाम बढ़ाए जाते तो लोगों को कुछ राहत मिल सकती थी।
उन्होंने कहा कि वह रोजाना दूध खरीदते हैं और आज जब दूध लेने पहुंचे तो कीमत बढ़ी हुई मिली। जो लोग प्रतिदिन दूध का इस्तेमाल करते हैं, उनके बजट पर इसका असर जरूर पड़ेगा। आम जनता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए दूध के दाम नहीं बढ़ाए जाने चाहिए।
वहीं, एक अन्य ग्राहक ने कहा कि सुबह के समय लगभग हर घर में दूध की जरूरत होती है। लोग चाय बनाने से लेकर बच्चों के लिए दूध खरीदते हैं। ऐसे में कीमत बढ़ने का सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि दूध जरूरी वस्तु है, इसलिए लोग मजबूरी में बढ़े हुए दाम पर भी इसे खरीद रहे हैं। सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और दूध की कीमतें कम करवानी चाहिए, ताकि आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
डेयरी संचालक ने बताया कि दूध की सभी किस्मों के दाम अभी नहीं बढ़ाए गए हैं। शुक्रवार से सभी प्रकार के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी लागू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आज उनके पास दूध की जो खेप आई थी, वह पुरानी कीमतों वाली थी। इसलिए उसमें दाम नहीं बढ़ाए गए। नई खेप आने के बाद बढ़ी हुई कीमतें लागू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि कीमतों में बदलाव को लेकर दुकानदार भी कुछ नहीं कर सकते।
दूसरी ओर, दूध के दाम बढ़ने से दुकानदार भी परेशान हैं। एक दुकानदार ने कहा कि धीरे-धीरे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऑनलाइन दूध बेचने वाली कंपनियां ग्राहकों को दो रुपये कम कीमत पर दूध उपलब्ध करा रही हैं, जबकि स्थानीय दुकानदारों को महंगी दर पर दूध बेचना पड़ रहा है।
एक अन्य दुकानदार ने कहा कि दूध के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ेंगी। दूध हर घर की जरूरत है। सुबह चाय बनाने से लेकर बच्चों के पोषण तक में इसका इस्तेमाल होता है। कीमत में चार रुपये की बढ़ोतरी से गरीब परिवारों के लिए बच्चों को नियमित दूध पिलाना भी मुश्किल हो सकता है। दुकानदारों और ग्राहकों ने सरकार से मांग की है कि दूध की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
