डीपफेक और एआई के गलत इस्तेमाल पर चिरंजीवी की चिंता, अमित शाह को पत्र लिखकर सख्त कानून की मांग

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता चिरंजीवी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीपफेक के बढ़ते गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस पर सख्त कानून बनाने की मांग की है। चिरंजीवी का कहना है कि आज एआई की मदद से किसी के भी चेहरे और आवाज का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे कलाकारों की सालों की मेहनत और उनकी पहचान को कुछ ही सेकंड में नुकसान पहुंच सकता है।
अपने पत्र में चिरंजीवी ने 2 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया है। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने गृह मंत्री के सामने एआई और डीपफेक के बढ़ते खतरे का मुद्दा उठाया था। अब उन्होंने इस मामले में सरकार से जल्द कदम उठाने की अपील की है।
चिरंजीवी ने अपने पत्र में कहा, ''एआई ने मनोरंजन और रचनात्मक काम के लिए कई नए रास्ते खोले हैं, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। डीपफेक वीडियो, नकली तस्वीरों और आवाज की नकल के जरिए कलाकारों को निशाना बनाया जा रहा है। किसी की भी आवाज और चेहरे का इस्तेमाल करके ऐसा वीडियो बनाया जा सकता है जो देखने में असली लगे। इससे संबंधित व्यक्ति की छवि खराब हो सकती है और उसे मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है। कलाकार अपनी पहचान बनाने के लिए कई साल मेहनत करते हैं। ऐसे में अगर कोई उनकी आवाज या चेहरे का गलत इस्तेमाल करता है तो इससे उनकी प्रतिष्ठा के साथ-साथ कमाई पर भी असर पड़ता है। इतना ही नहीं, ऐसी नकली तस्वीरों और वीडियो से लोगों का भरोसा भी टूटता है।''
चिरंजीवी ने सरकार से मांग करते हुए लिखा, ''किसी भी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और पहचान का इस्तेमाल उसकी इजाजत के बिना नहीं होना चाहिए। खासकर जब इसका इस्तेमाल पैसे कमाने या किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा रहा हो। किसी के चेहरे या आवाज में डिजिटल बदलाव करने से पहले भी उसकी साफ मंजूरी लेना जरूरी होना चाहिए। डीपफेक वीडियो बनाने, उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाने या किसी को बदनाम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ऐसे कंटेंट को इंटरनेट से जल्द हटाने की व्यवस्था भी बनाई जाए। इसके लिए लोगों की शिकायत सुनने और उन पर कार्रवाई करने के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए।''
अभिनेता ने कहा, ''फिल्म और टीवी जगत के कलाकारों, तकनीशियनों और निर्माताओं के काम को एआई के गलत इस्तेमाल से बचाया जाए। उनके काम की बिना इजाजत नकल करके उसका इस्तेमाल करने पर भी रोक लगनी चाहिए। डीपफेक बनाने वालों के साथ-साथ ऐसे ऐप, वेबसाइट और टूल बनाने वालों पर भी कार्रवाई हो, जिनकी मदद से लोगों की तस्वीरों और आवाज का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर कोई कंपनी बिना सुरक्षा नियमों के ऐसे टूल उपलब्ध करा रही है तो उस पर भी जुर्माना लगना चाहिए।''
उन्होंने दूसरे देशों में इस दिशा में उठाए गए कदमों का उदाहरण देते हुए ब्रिटेन के 'क्राइम एंड पुलिसिंग एक्ट 2026' का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस कानून में डीपफेक बनाने वाले टूल तैयार करने और बांटने को अपराध माना गया है। भारत में भी कानून बनाते समय फिल्म इंडस्ट्री, टीवी संगठनों, कलाकारों और कानूनी विशेषज्ञों से सलाह ली जाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
