डॉ. हेडगेवार का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित केशव प्रसाद मौर्य

डॉ. हेडगेवार का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशवराव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

लखनऊ, 19 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशवराव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास, 7-कालिदास मार्ग पर डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित रहा।

उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार के विचार और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों ने देश में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य किया है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, समरसता और राष्ट्रहित की भावना से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि डॉ. हेडगेवार के सिद्धांतों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए संगठन की शक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

मौर्य ने कहा कि सरकार समावेशी विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे हर वर्ग को समान अवसर मिल सके और प्रदेश के साथ-साथ देश भी प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 4:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story