अक्षरा सिंह ने दी नवरात्रि की शुभकामनाएं, पाखी हेगड़े के साथ शेयर किया फिल्म का खास सीन

अक्षरा सिंह ने दी नवरात्रि की शुभकामनाएं, पाखी हेगड़े के साथ शेयर किया फिल्म का खास सीन
चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो चुका है। पूरे देश में भक्त बड़ी श्रद्धा से मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा कर रहे हैं। इस खुशी के मौके पर भोजपुरी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं।

मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो चुका है। पूरे देश में भक्त बड़ी श्रद्धा से मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा कर रहे हैं। इस खुशी के मौके पर भोजपुरी फिल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं।

अभिनेत्री जल्द ही फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' में पाखी हेगड़े के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म में अक्षरा एक भक्त की भूमिका में हैं, तो पाखी ने मां अम्बे का किरदार निभाया है। यह फिल्म दहेज के लालचियों को सबक सिखाने की कहानी है और इसमें एक लड़की की सच्ची भक्ति और आस्था को भी दिखाया गया है।

अक्षरा ने नवरात्रि के पहले दिन पाखी के साथ एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो की खास बात है कि यह अभिनेत्री की आगामी फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' का छोटा-सा सीन है, जिसमें अक्षरा सिंह झूले पर बैठी हैं और पाखी हेगड़े उन्हें झूला झुला रही हैं। इसमें पाखी मां अम्बे के गेटअप में हैं, तो अक्षरा साधारण भक्त के किरदार में हैं, जो दोनों ने फिल्म में निभाया है।

वीडियो के बैकग्राउंड में अक्षरा ने अपना पसंदीदा देवी गीत भी शेयर किया है। अक्षरा ने लिखा, "आज नवरात्रि का पहला पवित्र दिन है। मां की कृपा और ऊर्जा से नया सफर शुरू हुआ है। इस शुभ अवसर पर मैं आप सबके साथ शेयर कर रही हूं, मेरा सबसे प्रिय देवी गीत और साथ ही हमारी फिल्म 'अम्बे है मेरी मां' का एक बेहद खास वीडियो।"

अक्षरा ने पाखी के साथ बिताए पलों को याद किया और कहा कि फिल्म के हर सीन, भाव और गीत में बहुत गहराई महसूस हुई। अभिनेत्री ने लिखा, "यह मेरे लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि दिल के बहुत करीब का एहसास है। उम्मीद है आप सब भी इस दिव्य भाव को महसूस करेंगे…जय माता दी। आपका प्यार और आशीर्वाद हमेशा बना रहे। देखना मत भूलिएगा 'अम्बे है मेरी मां' 28 मार्च को।"

प्रवीण कुमार गुडूरी द्वारा निर्देशित फिल्म में अक्षरा और पाखी के अलावा, राकेश बाबू, देव सिंह, प्रेम दुबे, विद्या सिंह, रामसुजान सिंह, निशा सिंह, निशा तिवारी, इन्द्रसेन सिंह, सुवेश, प्रीति राज, मंटू, राहुल शर्मा, प्रिया पारुल, शीतल यादव और प्रिया चौधरी जैसे कलाकार भी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 4:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story