राष्ट्रीय: बिहार के नालंदा में ईडी की छापेमारी, रेलवे क्लेम घोटाले से जुड़ा है मामला

नालंदा, 22 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को रेलवे क्लेम घोटाले में एक बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ईडी ने छापेमारी की। इनमें नालंदा जिले का इस्लामपुर थाना क्षेत्र भी शामिल है। इस घोटाले में आरोप है कि रेलवे कर्मचारियों के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई है।
ईडी की टीम ने नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा गांव में स्थित परमानंद सिन्हा के घर पर छापेमारी की। परमानंद सिन्हा के भाई पेशे से वकील विद्यानंद सिंह उर्फ विवेक सिंह की इस घोटाले में भूमिका अहम होने की बात सामने आ रही है। विद्यानंद सिंह रेलवे क्लेम से जुड़े मामलों को संभालते हैं और लोगों को क्लेम दिलवाने का काम करते हैं। ईडी की टीम ने परमानंद सिन्हा के घर से कई अहम दस्तावेजों को जब्त किया है, जिनसे इस घोटाले की गहराई का पता चल सकता है।
ईडी की यह कार्रवाई सुबह 5 बजे के आसपास शुरू हुई, जब ईडी की टीम मुजफ्फरा गांव पहुंची। टीम के पास दो गाड़ियां थीं और इसमें लगभग एक दर्जन सदस्य शामिल थे। 10 घंटों से ईडी की टीम परमानंद सिन्हा के घर की जांच-पड़ताल कर रही है। ईडी की यह कार्रवाई केवल नालंदा तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार के पटना और कर्नाटक के मंगलुरु में भी छापेमारी की जा रही है। इस पूरे मामले में कई न्यायिक अधिकारी, वकील और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस घोटाले की शुरुआत सीबीआई की एफआईआर से हुई थी। सीबीआई ने अपनी जांच में यह पाया कि रेलवे कर्मचारियों के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया था। रेलवे कर्मचारियों के नाम पर दायर किए गए दावों में कहा जाता था कि कर्मचारी दुर्घटना या बीमारी के शिकार हुए हैं और उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। इस घोटाले में आरोप है कि इन दावों के आधार पर बड़ी रकम हड़प ली गई।
रेलवे क्लेम घोटाले में यह आरोप है कि रेलवे के कर्मचारियों के नाम पर फर्जी दावे पेश किए जाते थे, इसमें यह दावा किया जाता था कि कर्मचारी किसी दुर्घटना या बीमारी का शिकार हुए हैं और उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। इस प्रक्रिया का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बड़े पैमाने पर सरकारी धन का गबन किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Jan 2025 10:23 PM IST