इंग्लैंड के खिलाफ टी20 शतक लगा चुके अभिषेक, सिर्फ 4 बल्लेबाजों के नाम सेंचुरी

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 शतक लगा चुके अभिषेक, सिर्फ 4 बल्लेबाजों के नाम सेंचुरी
भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-2 खेला जाना है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 29 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें सिर्फ 4 ही बल्लेबाज शतक लगा सके हैं। ये चारों ही खिलाड़ी भारतीय हैं।

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल-2 खेला जाना है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 29 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें सिर्फ 4 ही बल्लेबाज शतक लगा सके हैं। ये चारों ही खिलाड़ी भारतीय हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भारत का पलड़ा मजबूत रहा है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के विरुद्ध 17 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि इंग्लैंड ने 12 मुकाबलों को जीता है। इस दौरान अभिषेक शर्मा सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज रहे हैं।

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबलों में अभिषेक शर्मा के अलावा, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और रोहित शर्मा ने शतक लगाए हैं। अभिषेक ने 2 फरवरी 2025 को इस टीम के विरुद्ध 54 गेंदों में 135 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 13 छक्के और 7 चौके निकले। भारत ने इस मैच को 150 रनों के अंतर से जीता था।

वहीं, 10 जुलाई 2022 को सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के विरुद्ध मैनचेस्टर में 55 गेंदें खेलते हुए 6 छक्कों और 14 चौकों के साथ 117 रन बनाए थे। हालांकि, टीम इंडिया इस मैच को 17 रन से गंवा बैठी।

केएल राहुल ने 3 जुलाई 2018 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए थे। 55 गेंदों की इस पारी में केएल राहुल ने 5 छक्के और 10 चौके लगाए। 160 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट से मैच अपने नाम किया था।

इनके अलावा, रोहित शर्मा भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 मैच में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हैं। रोहित ने 8 जुलाई 2018 को ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ 56 गेंदों में 5 छक्कों और 11 चौकों के साथ 100 रन की नाबाद पारी खेली थी। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया था।

इंग्लैंड की तरफ से भारत के विरुद्ध टी20 मैच में सबसे बड़ी पारी एलेक्स हेल्स के नाम पर है, जिन्होंने 10 नवंबर 2022 को एडिलेड में खेले गए वर्ल्ड कप मैच में नाबाद 86 रन बनाए थे। 47 गेंदों की इस पारी में हेल्स ने 7 छक्के और 4 चौके लगाए थे। 169 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने यह मैच पूरे 10 विकेट से अपने नाम किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 March 2026 8:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story