एशियन गेम्स की स्वर्ण विजेता झारखंड की हॉकी खिलाड़ियों से मिले सीएम हेमंत सोरेन, किया सम्मानित
रांची, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल झारखंड की चार खिलाड़ियों ने रविवार को सीएम हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पर मुलाकात की।
सीएम हेमंत सोरेन ने टीम की कप्तान सलीमा टेटे, ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने चारों खिलाड़ियों से एशियन गेम्स की तैयारियों, प्रतियोगिता के अनुभव और फाइनल मुकाबले सहित टीम के प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुभव सुने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में झारखंड की चार खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका राज्य और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियों की यह उपलब्धि विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने चारों खिलाड़ियों से आगे भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को आवश्यक अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान देश में हॉकी की प्रतिभाओं के लिए रही है और राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में झारखंड से और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी चारों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच सह सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और महासचिव मनोज कुमार प्रसाद भी मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 7:03 PM IST












