- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- जिन्तुर
- /
- बंजारा आरक्षण की मांग के बीच युवक...
दर्दनाक कदम: बंजारा आरक्षण की मांग के बीच युवक ने की आत्महत्या, अस्पताल में तोड़ा दम - जेब से मिली चिट्ठी

डिजिटल डेस्क, जिंतूर. बंजारा समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) प्रवर्ग में आरक्षण देने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। इसी बीच जिंतूर तहसील के पोखरणी तांडा में 35 वर्षीय युवक विठ्ठल देवराव चव्हाण ने विष प्राशन कर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार शाम करीब 5.30 बजे की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, विठ्ठल ने अपने घर में विष प्राशन किया था। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल जिंतूर के सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे परभणी जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, शाम करीब 7 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, विठ्ठल की जेब से एक चिट्ठी भी मिली है। इसमें बंजारा समाज को ST प्रवर्ग में आरक्षण नहीं मिलने का उल्लेख होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, चिट्ठी में लिखी बातों और आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
परिजनों ने बताया कि विठ्ठल चव्हाण भूमिहीन था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे प्रीतम (15) और तुकाराम (12) तथा वृद्ध माता-पिता हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पोखरणी तांडा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
आरक्षण आंदोलन के बीच बढ़ी चिंता
महाराष्ट्र में बंजारा समाज को ST प्रवर्ग में आरक्षण देने की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। इसी पृष्ठभूमि में पोखरणी तांडा की इस घटना ने समाज में चिंता बढ़ा दी है। जिंतूर शहर के माऊली मंगल कार्यालय में बंजारा आरक्षण आंदोलन को आगे की दिशा देने के लिए आज उपोषणकर्ताओं और समाज के प्रमुख सदस्यों की बैठक आयोजित की गई थी। पोखरणी तांडा में हुई घटना के चलते यह बैठक भी स्थगित किए जाने की जानकारी मिली है।
Created On :   4 Oct 2026 6:58 PM IST










