एक्साइज ड्यूटी घटी, पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटे हैं राशिद अल्वी
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। सरकार के इस फैसले पर तमाम राजनीतिक दलों की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि सिर्फ एक्साइज ड्यूटी घटी, दाम नहीं घटे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती से किसे लाभ मिला है। अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं घटी है और आम आदमी को लाभ नहीं हो रहा है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि अभी सिर्फ एक्साइज ड्यूटी घटाई है, और यह इतना ही रहता तो यह पैसा वित्त मंत्रालय को जाता। आपने एक्साइज कम किया तो वह पैसा पेट्रोलियम मंत्रालय को जाएगा। यह पैसा सरकार के पास ही रहेगा। यह पैसा आम आदमी के पास नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब तक पेट्रोल-डीजल की कीमत पेट्रोल पंपों तक नहीं पहुंचती और तेल सस्ता नहीं किया जाता है, तो आम जनता को कोई फायदा नहीं होगा।
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर राशिद अल्वी ने कहा कि अफवाह आम आदमी नहीं फैलाता है, अगर अफवाह कहीं न कहीं से फैली है, तो यह सरकार के बयान से फैली है। सरकार को ध्यान रखना चाहिए कि जब भी वे इस मामले को लेकर कुछ कहें, तो वे ख्याल रखें कि किसी भी तरह की अफवाह न फैले।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के अयोध्या दौरे और राम मंदिर में पूजा-अर्चना करने पर राशिद अल्वी ने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि व्यक्ति को वहीं जाना चाहिए जहां उसकी आस्था हो। जो लोग मंदिर में विश्वास रखते हैं, उन्हें वहां जाना चाहिए। जिसे मस्जिद में आस्था हो, उसे मस्जिद जाना चाहिए।
राशिद अल्वी ने कहा कि दिग्विजय सिंह के अयोध्या दौरे को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।
बता दें कि अयोध्या दौरे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मैंने कभी राम मंदिर का विरोध नहीं किया। मैंने दान के माध्यम से अपना योगदान दिया था। मैंने मंदिर के लिए 1.10 लाख रुपए का दान दिया था। मैं यहां राजनीति करने नहीं आया हूं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 10:33 PM IST












