फीफा विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में जश्न का माहौल, टीम के नॉकआउट में पहुंचने को सरकार ने 'गर्व का पल' बताया
जोहान्सबर्ग, 25 जून (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका सरकार ने फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट स्टेज में टीम के पहुंचने को देश के लिए गर्व का पल बताया है। दक्षिण अफ्रीका पहली बार ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ी है।
दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी ग्रुप ए मैच में दक्षिण कोरिया पर 1-0 से जीत के साथ राउंड ऑफ 32 में जगह पक्की की। टीम ने अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट राउंड में जगह बनाई है।
टीम को बधाई देते हुए, सरकार ने फुटबॉल के सबसे बड़े स्टेज में से एक पर खिलाड़ियों के पक्के इरादे और धैर्य की तारीफ की।
शिन्हुआ के हवाले से सरकार ने एक बयान में कहा, "यह शानदार नतीजा दक्षिण अफ्रीका के लिए गर्व का पल है। यह दुनिया के सबसे बड़े खेल मंचों में से एक पर टीम के पक्के इरादे, अनुशासन और लड़ने की भावना को दिखाता है। टीम का यह प्रदर्शन पूरे देश में उत्साह और एकता लेकर आया है। देश और विदेश में दक्षिण अफ्रीका के लोगों को इससे प्रेरणा मिली है। टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, बाफाना बाफाना गर्व से देश का प्रतिनिधित्व करती रहेगी।"
बता दें कि बाफना बाफना दक्षिण अफ्रीका की पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का उपनाम है।
यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉल के लिए अहम क्षण है। 1998, 2002 और 2010 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी।
हेड कोच ह्यूगो ब्रूज ने इस नतीजे का श्रेय अपनी टीम के रणनीतिक अनुशासन और गति के असरदार इस्तेमाल को दिया।
मैच के बाद ब्रूज ने कहा, "हमने रणनीतिक रूप से बहुत अच्छा खेल खेला। हमारे पास पिच पर बहुत तेज खिलाड़ी थे। हमने उनका बहुत अच्छा इस्तेमाल किया और सही मौकों पर जगह बनाई।"
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एडवर्ड मोटाले ने भी इस सफलता का स्वागत किया और इसे देश में फुटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा, "हम पहले कभी पहले राउंड से आगे नहीं गए हैं, इसलिए यह सही दिशा में एक कदम है।"
दक्षिण अफ्रीका के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने पर देश में जश्न का माहौल है। टीम अब 28 जून को लॉस एंजिल्स में राउंड ऑफ 32 में सह-मेजबान कनाडा का सामना करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 10:15 PM IST












