सदन: मुंबई लोकल में हुई हत्या का मामला गूंजा, निर्दलीय विधायक सत्यजीत ने कहा - राज्य का स्कूली शिक्षा विभाग सबसे भ्रष्ट

मुंबई लोकल में हुई हत्या का मामला गूंजा, निर्दलीय विधायक सत्यजीत ने कहा - राज्य का स्कूली शिक्षा विभाग सबसे भ्रष्ट
  • मुंबई लोकल में हुई हत्या का मामला विधानसभा में गूंजा, पटोले बोले- लोगों की सुरक्षा राम भरोसे
  • विस अध्यक्ष राहुल नार्वेकर का सरकार को आदेश, सोमवार शाम तक जवाब दें
  • राज्य का स्कूली शिक्षा विभाग सबसे भ्रष्ट है- निर्दलीय विधायक सत्यजीत तांबे

Mumbai News. मंगलवार रात अंधेरी से बोरीवली के बीच विरार जाने वाली एक फास्ट लोकल ट्रेन में मामूली विवाद के चलते 22 वर्षीय युवक मयंक लोहार की हत्या कर दी गई। इस मुद्दे की गूंज गुरुवार को विधानसभा के मॉनसून सत्र में भी सुनाई दी। कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने इस घटना को सदन में उठाया और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य सरकार सोमवार शाम तक सुरक्षा व्यवस्था पर अपना जवाब विधानसभा में दाखिल करे।

स्कैनर सिर्फ दिखावा, सुरक्षा नाम की कोई व्यवस्था नहीं

विधानसभा में बोलते हुए नाना पटोले ने कहा कि मुंबई लोकल में हुई हत्या की घटना से केवल मुंबई या महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरा देश स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि आम आदमी को अब यह समझ नहीं आ रहा कि इस सरकार में वह सुरक्षित है भी या नहीं। पटोले ने रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब यात्री रेलवे स्टेशन में प्रवेश करते हैं, तब वहां स्कैनिंग मशीनें लगाई गई हैं। लेकिन जब मैं खुद स्टेशन पर गया, तो देखा कि वे स्कैनर केवल दिखावे के लिए लगाए गए हैं। उनसे कोई वास्तविक जांच नहीं होती। पुलिसकर्मी केवल बैठे रहते हैं। उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि राजनीतिक पक्ष लेने के बजाय आम जनता को न्याय दिया जाए और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी माना गंभीर मामला

इस पूरे मामले पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नाना पटोले, भास्कर जाधव और अन्य सदस्यों द्वारा उठाया गया मुद्दा बेहद गंभीर है। नार्वेकर ने कहा कि मुंबई जैसे शहर में, जहां रेलवे स्टेशनों पर हजारों लोग मौजूद रहते हैं, वहां अगर किसी की हत्या हो जाती है तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही रेलवे स्टेशन का प्रशासन रेलवे विभाग के अधीन हो, लेकिन वहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी महाराष्ट्र सरकार की है। इसके लिए रेलवे पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी भी नियुक्त हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना का होना बेहद दुखद और खेदजनक है। साथ ही राज्य सरकार को निर्देश दिए कि सोमवार शाम तक इस मामले में विस्तृत बयान और उठाए गए कदमों की जानकारी सदन में प्रस्तुत की जाए

राज्य का स्कूली शिक्षा विभाग सबसे भ्रष्ट है- निर्दलीय विधायक सत्यजीत तांबे

विधान परिषद में निर्दलीय विधायक सत्यजीत तांबे ने प्रदेश के स्कूली शिक्षा विभाग पर भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। तांबे ने कहा कि प्रदेश सरकार का स्कूली शिक्षा विभाग सबसे ज्यादा भ्रष्ट है। इसके जवाब में प्रदेश के स्कूली शिक्षा राज्य मंत्री पंकज भोयर ने पलटवार किया। भोयर ने कहा कि आप भी इसी व्यवस्था में पढ़कर सदन तक पहुंचे हैं। गुरुवार को प्रश्नकाल में तांबे ने स्कूली शिक्षा विभाग के ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर सवाल किया। तांबे ने कहा कि मैंने तीन लिखित सवाल पूछा। सभी का जवाब लिखित दिया गया है कि यह सच नहीं है। अगर सच नहीं है तो मुंबई के आजाद मैदान और हर जिले में शिक्षकों का आंदोलन क्यों चल रहे हैं ? तांबे ने कहा कि प्रदेश में कोई भी स्कूली शिक्षा मंत्री बन जाए। लेकिन स्कूली शिक्षा विभाग सुधरने के लिए तैयार नहीं है। इसके जवाब में भोयर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। मगर, सदन में तांबे ने स्कूली शिक्षा विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि वह और हम सभी लोग इसी व्यवस्था में पढ़कर यहां तक पहुंचे हैं। देश की शिक्षा प्रणाली से कई बड़े वैज्ञानिक, नेता और कलाकार दिए हैं। इसके जवाब में तांबे ने कहा कि यदि मेरा आरोप झूठा है तो आपको सदन में बताना चाहिए कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने स्कूली शिक्षा विभाग के कितने अधिकारियों को गिरफ्तार किया है और कितने लोगों के खिलाफ जांच चल रही है। इसके पर भोयर ने कहा कि संयोग से गृह राज्य मंत्री होने के कारण मेरे पास एंटी करप्शन ब्यूरो और खुफिया विभाग भी है। इसलिए राज्य में कौन-कौन क्या करता है ? यह सब जानकारी मुझे नियमित मिलती है।

Created On :   25 Jun 2026 10:36 PM IST

Tags

Next Story