- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- हसन मुश्रीफ ने कहा - नागपुर मेडिकल...
विधानसभा: हसन मुश्रीफ ने कहा - नागपुर मेडिकल कॉलेज में अनियमितताओं की होगी जांच, नेत्र अस्पताल के लिए बनेगी नई इमारत

Mumbai News. नागपुर के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में वित्तीय अनियमितताओं और निधि के उपयोग को लेकर सामने आई शिकायतों की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नेत्र रोग विभाग की पुरानी इमारत यदि संरचनात्मक जांच में असुरक्षित या जर्जर पाई जाती है तो उसके स्थान पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए नेत्र अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने विधानसभा में दी। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक मोहन मते ने यह सवाल उठाया।
शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित
मंत्री हसन मुश्रीफ ने बताया कि सदन के सदस्यों द्वारा उठाई गई शिकायतों को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि 23 जून 2026 को एक जांच समिति का गठन किया गया है, जिसे सभी शिकायतों की विस्तृत जांच कर एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता, नियमों का उल्लंघन या प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नेत्र विभाग की इमारत का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट
मंत्री मुश्रीफ ने बताया कि नागपुर मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की इमारत की स्थिति को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है। इस संबंध में इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने के लिए आवश्यक शुल्क जमा कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तकनीकी जांच में भवन को असुरक्षित, जर्जर या मरीजों एवं कर्मचारियों के लिए जोखिमपूर्ण पाया जाता है, तो सरकार तत्काल कार्रवाई करते हुए नए नेत्र अस्पताल भवन के निर्माण को मंजूरी देगी।
Created On :   24 Jun 2026 9:24 PM IST












