शाह पर निशाना: राऊत ने कहा - 6 सांसदों ने पार्टी छोड़ी ऐसा अब तक नहीं कहा, उद्धव ने निंबालकर से की बातचीत

राऊत ने कहा - 6 सांसदों ने पार्टी छोड़ी ऐसा अब तक नहीं कहा, उद्धव ने निंबालकर से की बातचीत
  • ओमराजे निंबालकर से उद्धव ठाकरे की बातचीत
  • अमित शाह पर भी साधा निशाना

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (उद्धव) के छह सांसदों के पार्टी छोड़ने की चर्चाओं के बीच सांसद संजय राऊत ने कहा कि पिछले कई दिनों से यह प्रचार किया जा रहा है कि उद्धव गुट के छह सांसदों ने बगावत कर दी है, लेकिन अब तक किसी भी सांसद ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं कहा है कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है। राऊत ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अफवाहों और राजनीतिक चर्चाओं के आधार पर निष्कर्ष निकालना गलत है। उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार इन सांसदों के संपर्क में है तथा जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

ओमराजे निंबालकर से उद्धव ठाकरे की बातचीत

राऊत ने बताया कि शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने धाराशिव से सांसद ओमराजे निंबालकर से फोन पर बात की है। बातचीत के दौरान पार्टी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई। राऊत के अनुसार, निंबालकर ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चर्चा करने के बाद उचित फैसला लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में संवाद जारी है और सभी सांसदों के साथ संपर्क बना हुआ है। ऐसे में यह कहना कि सभी सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं, पूरी तरह गलत और भ्रामक है। राऊत ने आरोप लगाया कि विरोधी दलों की तरफ से लगातार ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे यह लगे कि उद्धव गुट कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में दबाव की राजनीति की जा रही है और इसी वजह से सांसदों के टूटने की खबरें फैलाई जा रही हैं।

शिंदे पर राऊत का हमला

इस दौरान संजय राऊत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिंदे खुद कोई स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व नहीं रखते और वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इशारों पर काम करते हैं। राऊत ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि शिंदे अमित शाह के टेस्ट ट्यूब बेबी की तरह हैं। शाह जो बोलते हैं, वही शिंदे बोलते हैं।उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने की संभावना है।

अमित शाह पर भी साधा निशाना

राऊत ने शाह के एक बयान को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शनिवार को कोल्हापुर में एक कार्यक्रम में शाह ने एकनाथ शिंदे को ‘शिवसेना प्रमुख’ कहा था, जो महाराष्ट्र की जनता और शिवसेना की भावनाओं का अपमान है। राऊत ने कहा कि शिवसेना प्रमुख की उपाधि सिर्फ बालासाहेब ठाकरे के लिए इस्तेमाल की जाती है। महाराष्ट्र की जनता बालासाहेब ठाकरे को ही इस नाम से पहचानती है। ऐसे में किसी और नेता के लिए इस शब्द का उपयोग करना गलत है। उन्होंने कहा कि शिवसेना की विचारधारा और बालासाहेब ठाकरे की विरासत को कोई छीन नहीं सकता।

Created On :   21 Jun 2026 9:42 PM IST

Tags

Next Story