ऑपरेशन टाइगर: ओम बिरला से मिले उद्धव के सांसद, रखा अपना पक्ष, बागी सांसदों को मान्यता न देने का किया आग्रह

ओम बिरला से मिले उद्धव के सांसद, रखा अपना पक्ष, बागी सांसदों को मान्यता न देने का किया आग्रह
  • बिरला ने किया आश्वस्त- संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार होगा निर्णय
  • बागी सांसदों को मान्यता न देने का किया आग्रह

New Delhi News. महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव) के 6 बागी सांसदों के मामले को लेकर पार्टी के सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों सांसदों ने बिरला से आग्रह किया कि वह बागी सांसदों को अलग गुट की मान्यता या अनुमति न दें। बिरला ने शिवसेना (उद्धव) सांसदों को आश्वस्त किया कि जो भी निर्णय होगा, वह संवैधानिक प्रावधानों के तहत होगा।

बीते दिनों शिवसेना (उद्धव) के सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिख कर आग्रह किया था कि उनकी पार्टी के 6 बागी सांसदों के मुद्दे पर किसी तरह का निर्णय लेने से पहले वह उनका (शिवसेना (उद्धव) पक्ष भी अवश्य सुनें। शिवसेना (उद्धव ) के इस आग्रह को स्वीकार करते हुए बिरला ने सावंत और देसाई को अपनी बात रखने का समय दिया था।

संसद भवन स्थित लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय में हुई इस मुलाकात के बाद अरविंद सावंत और देसाई ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि बिरला ने गंभीरता से उनकी बात सुनी और आश्वस्त किया है कि वह इस मामले में जो भी निर्णय करेंगे वह संविधान में दर्ज प्रावधानों के अनुसार ही होगी। संवैधानिक प्रावधानों से इतर कोई फैसला नहीं होगा।

अनिल देसाई ने बताया कि बिरला से उन्होंने संविधान की 10वीं अनुसूची में दर्ज प्रावधानों की रक्षा का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बागी गुट के सांसदों की ओर से भेजे गए पत्र और उसकी सामग्री के भी विषय में जानकारी मांगी। इस पर बिरला ने कहा कि वह अपने कार्यालय से इसकी जानकारी लेंगे। उल्लेखनीय है कि शिवसेना (उद्धव) के 9 में से 6 सांसद बीते दिनों शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो गए। शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने बागी सांसदों के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

Created On :   24 Jun 2026 9:51 PM IST

Tags

Next Story