उच्चस्तरीय बैठक: दत्तात्रय भरणे ने कहा - कोकण में आम और काजू के किसानों को 15 दिनों में मिलेगी नुकसान भरपाई

दत्तात्रय भरणे ने कहा - कोकण में आम और काजू के किसानों को 15 दिनों में मिलेगी नुकसान भरपाई
  • बेमौसम बारिश और खराब मौसम से प्रभावित आम और काजू
  • आम और काजू उत्पादक किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है

Mumbai News. कोकण क्षेत्र में बेमौसम बारिश और खराब मौसम से प्रभावित आम और काजू उत्पादक किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (एनडीआरएफ) के तहत करीब 209 करोड़ रुपए की सहायता राशि और मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत मंजूर मुआवजा अगले 15 दिनों के भीतर किसानों के खातों में जमा कर दिया जाएगा। यह जानकारी कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने गुरुवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान दी। शिंदे गुट के विधायक निलेश राणे द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार ने कोकण के बाग के किसानों के नुकसान को गंभीरता से लिया है और राहत प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक

कृषि मंत्री भरणे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में संबंधित मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता पहुंचाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को तत्काल राहत देना है ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें और आगामी कृषि सीजन की तैयारी कर सकें।

प्रति हेक्टेयर 22,500 रुपए तक सहायता

एनडीआरएफ के मानकों के अनुसार प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 22 हजार 500 रुपए की सहायता दी जाएगी। कोकण क्षेत्र के लिए कुल 209 करोड़ रुपए की राहत राशि का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सरकार द्वारा प्रस्तावित सहायता राशि ठाणे जिले के 4,669 किसानों को 4.84 करोड़ रुपए, पालघर जिले के 17,712 किसानों को 6.83 करोड़ रुपए, रायगड जिले के लगभग 17 हजार किसानों को 20.28 करोड़ रुपए, रत्नागिरी जिले के 52,628 किसानों के लिए 98.45 करोड़ रुपए और सिंधुदुर्ग के 42,322 किसानों को 79.05 करोड़ रुपए की सहायता प्रस्तावित की गई है। भरणे ने कहा कि सबसे अधिक नुकसान रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में दर्ज किया गया है, जहां आम और काजू की बागानों को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि आम और काजू उत्पादक किसानों को लगभग 217 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

Created On :   25 Jun 2026 10:21 PM IST

Tags

Next Story