फिल्म 'रामायण’ के प्रदर्शन पर रोक की मांग पर याचिका दायर, भावनाओं को आहत करने और रावण को महिमामंडित का आरोप

रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' के कुछ दृश्यों, संवादों और पात्रों के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में विवादित हिस्सों को हटाने और फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप किए जाने तक इसके प्रदर्शन और प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की गई है। यह याचिका अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने दाखिल की है।
इसमें केंद्र और राज्य सरकार के साथ फिल्म के निर्माता, निर्देशक, लेखक तथा अन्य संबंधित पक्षों को प्रतिवादी बनाया गया है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है और निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म को लेकर पहले भी धार्मिक भावनाएं आहत करने और मूल रामायण के प्रसंगों में बदलाव करने के आरोप लगते रहे हैं।
हिंदू जनजागृति समिति और विश्व हिंदू परिषद सहित कुछ संगठनों ने फिल्म के पात्रों और संवादों पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि फिल्म में रावण को अधिक प्रभावशाली और सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जबकि भगवान राम और लक्ष्मण के चित्रण में पारंपरिक स्वरूप से अलग बदलाव किए गए हैं।
याचिका और शिकायतकर्ताओं की आपत्तियों में शूर्पणखा की नाक काटे जाने के प्रसंग पर सीता के विरोध, मारीच के प्रसंग में सीता के मुख से राम का नाम निकलने, वनवास और राजगद्दी से जुड़े प्रसंगों में लक्ष्मण के व्यवहार तथा राम, सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाए जाने जैसे दृश्यों का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ये प्रसंग मूल कथा की मर्यादा और पारंपरिक चरित्र चित्रण से मेल नहीं खाते। हाईकोर्ट में याचिका दाखिल होने से पहले हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने मुंबई के मुलुंड पश्चिम पुलिस स्टेशन में निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
विश्व हिंदू परिषद ने भी फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने की मांग की है। विरोध कर रहे संगठनों ने विवादित दृश्यों और संवादों को हटाने तथा फिल्म के अगले भाग की पटकथा की विद्वानों और संतों से समीक्षा कराने की मांग की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
