मलेशिया-थाईलैंड समुद्री सीमा पर अवैध प्रवासियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, 10 लोग बचाए गए
कुआलालंपुर, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मलेशिया में 100 अवैध प्रवासियों को लेकर जा रही नाव डूब गई। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई और 10 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। हादसा मलेशिया-थाईलैंड समुद्री सीमा के पास हुआ है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक मलेशिया के केदाह पुलिस प्रमुख अदजली अबू शाह ने कहा कि यह नाव एक बड़े जहाज का हिस्सा थी, जिस पर एक गिरोह लगभग 300 लोगों को ले जा रहा था।
एक महीने पहले ऐसा ही एक हादसा हुआ था, जिसमें 300 प्रवासियों को लेकर जा रही नाव पलट गई थी। केदाह पुलिस प्रमुख अदजली के अनुसार, लगभग 300 प्रवासी एक बड़े जहाज पर सवार हुए थे। जैसे ही बड़ा जहाज मलेशियाई समुद्री सीमा के पास पहुंचा, गिरोह ने अधिकारियों की नजरों से बचने के लिए प्रवासियों को तीन छोटी नावों में बांट दिया।
इनमें से 100 लोगों को लेकर जा रही एक नाव तीन दिन पहले पलट गई थी। वहीं इससे जुड़ी दो अन्य नावों के बारे में अब तक कुछ जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान जारी है। अभी कई लोगों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि घायलों और मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
संभावना है कि और भी पीड़ित मिल सकते हैं। प्रारंभिक खुफिया जानकारी के आधार पर नाव म्यांमार के बुथिदाउंग से लगभग 300 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी।
मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी के उत्तरी राज्यों केदार और पर्लिस के निदेशक रोमली मुस्तफा ने दोहराया कि देश में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, "सीमा पार के गिरोह अत्यधिक जोखिम भरे समुद्री मार्गों का उपयोग करके अप्रवासियों को मानव तस्करी का शिकार बनाकर उनका सक्रिय रूप से शोषण कर रहे हैं। मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी मानव तस्करी गतिविधियों में शामिल किसी भी पक्ष के साथ समझौता नहीं करेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Nov 2025 9:03 PM IST












