आपदा: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अचानक आई बाढ़, 11 लोगों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अचानक आई बाढ़, 11 लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मूसलाधार बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई। इनके अलावा छह अन्य लोग घायल हो गए हैं। बाढ़ के कारण स्वात नदी में तेजी से जलस्तर बढ़ गया, जिससे भारी नुकसान पहुंचा है।

इस्लामाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मूसलाधार बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई। इनके अलावा छह अन्य लोग घायल हो गए हैं। बाढ़ के कारण स्वात नदी में तेजी से जलस्तर बढ़ गया, जिससे भारी नुकसान पहुंचा है।

प्रोविजनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (पीडीएमए) ने हताहतों की पुष्टि की है। इसके अलावा मीडिया ने प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक बचाव और राहत अभियान चलाए जाने की जानकारी दी है।

'पीडीएमए' के अनुसार, इस बाढ़ के दौरान जान गंवाने वालों में चार पुरुष, तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इस बाढ़ से 56 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें से 6 घर पूरी तरह नष्ट हो गए। 50 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वात क्षेत्र में जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। यहां 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

'डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी' ने बाढ़ के लेवल को 'बहुत अधिक' बताया है।

अधिकारियों के मुताबिक इस बाढ़ में दर्जनों लोग फंसे हुए हैं। दो दिनों की लगातार बारिश के बाद स्थिति से निपटने के लिए राहत कार्य जारी हैं।

पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार, पीडीएमए ने स्वात क्षेत्र से संभावित बाढ़ के जोखिम से निपटने को तैयार रहने के लिए पेशावर, चरसद्दा और नौशेरा में अधिकारियों को अलर्ट भी जारी किया है।

स्वात के डिप्टी कमिश्नर शहजाद महबूब ने बताया है कि स्वात नदी में अचानक आई बाढ़ के चलते 73 लोग अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी पुष्टि की है कि दो पर्यटक परिवारों में से 18 लोग शुक्रवार को स्वात नदी में आई अचानक बाढ़ की चपेट में आ गए, जिनमें से 17 की मौत हो गई।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक यह घटना फिजागत क्षेत्र में हुई, जहां दो परिवारों के सदस्य नदी के किनारे नाश्ता कर रहे थे। इसी बीच अचानक नदी का जल स्तर बढ़ गया और इनमें से कई बह गए। अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान तीन व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एक बचाव अधिकारी ने बताया, "हमें सुबह 8 बजे इन लोगों के डूबने की सूचना मिली।"

इस दुखद घटना का एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं और बच्चे नदी में फंसे नजर आ रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Jun 2025 2:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story